संघ प्रमुख मोहन भागवत पहुंचें इंदौर, कसरावद के कार्यक्रम में होंगे शामिल

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत दो दिन के दौरे पर मालवा आए हैं। वे शुक्रवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सीधे कसरावद (खरगोन) के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट पर संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मोहन भागवत कसरावद के लेपा गांव में स्थित नर्मदालय आश्रम में होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें कि डूब प्रभावित परिवारों को लेपा गांव में बसाया गया है और यह आश्रम गांव-देहात के इलाकों में सेवा के काम के लिए जाना जाता है। नर्मदालय आश्रम से जुड़े लोग नर्मदा घाटी में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े काम कर रहे हैं। खास तौर पर निमाड़ इलाके में आदिवासी परिवारों के बच्चों की पढ़ाई पर यहां ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
यह कार्यक्रम रामकृष्ण विश्व सद्भावना निकेतन की ओर से आयोजित किया जा रहा है। मोहन भागवत यहां ‘मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ विषय पर अपनी बात रखेंगे। वे सड़क मार्ग से खरगोन पहुंचेंगे और दोपहर में कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शाम को उनके इंदौर लौटने का कार्यक्रम है। पिछले साल मोहन भागवत चार बार इंदौर आ चुके हैं। इसके अलावा वे ओंकारेश्वर में हुए एक कार्यक्रम में भी शामिल होने आए थे। संघ के शताब्दी वर्ष पर इंदौर में हुए सबसे बड़े आयोजन में भी वे शामिल हुए थे।





