रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई

मशहूर फिल्मकार रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू इलाके में स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग के सभी पांच आरोपितों को मुंबई की एस्प्लानेड कोर्ट ने छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजा दिया है।
रोहित शेट्टी के आवास के बाहर एक फरवरी को तड़के चार राउंड फायरिंग हुई थी। इस मामले में पुलिस ने उसी दिन चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पांचवे आरोपित आसाराम फासले को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार की आपूर्ति का आरोप है। उसे अन्य आरोपितों के साथ कोर्ट में पेश किया गया। जज ने आरोपितों को 11 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सुनवाई के दौरान, पुलिस ने अदालत को सूचित किया कि इंटरनेट मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी। आरोपित सिग्नल एप का इस्तेमाल करके संवाद करते थे।
पुलिस ने चार आरोपितों की अधिकतम हिरासत और पांचवे आरोपित आसाराम फासले उर्फ बाबू के लिए 10 दिन की हिरासत की मांग की। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपितों के तार लारेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य शुभम लोनकर से जुड़े हो सकते हैं।



