
राजस्थान के दौसा जिले में एक सड़क हादसे में छह दोस्तों की मौत हो गई। सभी मंगलवार देर रात एक अन्य मित्र के विवाह समारोह में शामिल होकर कार से वापस गांव आ रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ चल रहे ट्रेलर में घुस गई।
वहीं, श्रीगंगानगर में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने गश्त कर रहे पुलिस के वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला पुलिस निरीक्षक रतन की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
दौसा के कलाई गांव के निकट हादसा हादसा जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे युवकों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चार युवकों को मृत घोषित कर दिया गया।
दो को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर किया गया। दोनों की रास्ते में एंबुलेंस में मौत हो गई। मृतकों में लोकेश, समय, दिलखुश, मनीष, अंकित और नवीन शामिल हैं। सभी दौसा के कालोखा गांव के निवासी थे।




