उड़ीसाराज्य

भुवनेश्वर में 100% मतदाता मैपिंग का लक्ष्य, BLO को घर-घर जाकर सत्यापन के निर्देश

मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) अभियान को त्रुटिहीन और शत-प्रतिशत कवरेज के साथ पूरा करने के उद्देश्य से बुधवार को भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय स्थित एकामरा हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एस. गोपालन ने की। इसमें एकामरा, भुवनेश्वर उत्तर, भुवनेश्वर मध्य तथा जटनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) और पर्यवेक्षक शामिल हुए।

नए योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटि मुक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि नए योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ा जाए, मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएं तथा सभी प्रविष्टियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी की पुष्टि करने और मतदाताओं से सीधे संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया।

100 प्रतिशत मतदाता मैपिंग करने का लक्ष्य
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशांत कुमार मिश्रा ने 100 प्रतिशत मतदाता मानचित्रण (मैपिंग) पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) और अतिरिक्त निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) को उपलब्ध कराएं। जिन बूथों पर कवरेज कम है, वहां विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

‘बीएलओ से संपर्क’ सुविधा का उपयोग करने की अपील
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे ईसीआई नेट एप डाउनलोड कर ‘बीएलओ से संपर्क’ सुविधा का उपयोग करें तथा अपनी मतदाता सूची से संबंधित जानकारी की पुष्टि करें।

इस अवसर पर खोर्दा के अतिरिक्त जिला पदाधिकारी प्रताप चंद्र बेउड़ा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से संशोधित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button