उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड: प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं का सहारा बनेगी सरकार, योजना का ड्राफ्ट किया जा रहा तैयार

प्रदेश सरकार बुजुर्ग महिलाओं का सहारा बनेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से इसके लिए राज्य भर में बुजुर्ग महिलाओं से संवाद कर सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद योजना का ड्राफ्ट तैयार कर नए वित्तीय वर्ष से इसे लागू किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक योजना गरीब, मध्यम और सक्षम तीनों वर्गों की महिलाओं के लिए होगी।

प्रदेश में जरूरतमंद महिलाओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से अब तक केवल वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। उनके लिए पोषण या किसी अन्य तरह की मदद की जाए इस पर सरकार मंथन कर रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन महिलाओं के लिए पीएम पोषण योजना के तहत आसपास के स्कूलों में पके गर्म भोजन की व्यवस्था की जा सकती है।

सैनिक बहुल प्रदेश में बड़ी संख्या में वीर नारियां हैं, वहीं आपदा प्रभावित क्षेत्रों की बुजुर्ग महिलाएं हैं, इन महिलाओं से संवाद कर सरकार उनकी जरूरत के हिसाब से मदद करेगी। इसमें यह भी देखा जाएगा कि उनके बच्चे उनकी ठीक से देखभाल कर रहे हैं या नहीं।

बुजुर्ग महिलाओं का होगा सम्मान

देहरादून। प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान होगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली इन महिलाओं को देहरादून में सम्मानित किया जाएगा।

सरकार का महिलाओं पर है फोकस

देहरादून। प्रदेश सरकार का महिलाओं पर खास फोकस है। सरकार ने इसी महीन मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना को मंजूरी दी। जिसमें अविवाहित, तलाकशुदा, निराश्रित और दिव्यांग एकल महिलाओं को परियोजना में 75 प्रतिशत की सब्सिडी दी गई। जबकि अब नए वित्तीय वर्ष से बुजुर्ग महिलाओं के लिए अन्य योजना शुरू की जा रही है।

सरकार की ओर से देखा जा रहा है कि गरीब, मध्यम और सक्षम वर्ग की बुुजुर्ग महिलाओं के सामने जीवन की चुनौती क्या है। इसे देखते हुए उनकी मदद की जाएगी। इसके लिए राज्य भर में सर्वे चल रहा है। – रेखा आर्या, मंत्री महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग

Related Articles

Back to top button