नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने भरी हुंकार; सुपर-8 से पहले सभी टीमों को दी चेतावनी

नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत की 17 रनों की जीत के साथ ग्रुप स्टेज के मुकाबले समाप्त हो चुके हैं। इसके बाद अब टीम इंडिया सुपर-8 में अपने मुकाबले खेलेगी और उनका पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाला है। नीदरलैंड्स पर जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि टीम इंडिया अब सारे पहलुओं पर खरी उतर चुकी है और वे सुपर-8 से पहले यही ट्राई करना चाहते थे।
भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी मुकाबले जीते हैं और अब सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को होने वाला है। भारतीय टीम सुपर-8 के लिए पूरी तरह से तैयार दिखाई दे रही है और नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम प्रयोग करती हुई दिखाई दी। भारत ने ओस के समय गेंदबाजी की और स्कोर को डिफेंड किया, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है।
सूर्यकुमार यादव ने दिया बड़ा बयान
नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में जीत के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे और फिर गेंदबाजी क्योंकि बाद में ओस आने के आसार थे। गेंदबाजों के लिए बाद में थोड़ी चुनौती थी लेकिन हमारे गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। हमारे पास गेंदबाजी में कई विकल्प हैं। शिवम दुबे ने इस मैच में जिस तरह से खेला, वो शानदार था। हम अपनी टीम को परखना चाहते थे और हर पहलुओं पर खरा उतरना चाहते थे, जो हमने अच्छी तरह से किया।”
सूर्या ने आगे कहा, “मैं अपनी फॉर्म को लेकर भी बहुत खुश हूं, जिस तरह से चीजें आगे बढ़ रही हैं, मैं संतुष्ट हूं। लगभग सभी बल्लेबाज का योगदान आ रहा है। मैं यही चाहता हूं कि छोटी-छोटी साझेदारियां हों। मैच जब कड़ा होता है, तो एक या दो बल्लेबाज अच्छी पारी खेलें, तो हम बड़े स्कोर तक पहुंच सकते हैं और आज यही देखने को मिला।”
भारत की नीदरलैंड्स पर जीत
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। नीदरलैंड्स की टीम ने अच्छा खेल दिखाया और 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए। हालांकि, उन्हें मुकाबले में 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा।



