नमो भारत-मेरठ मेट्रो को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का कम समय में दिल्ली पहुंचने का सपना साकार होने जा रहा है। करीब सात साल बाद रैपिड ट्रेन मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक दौड़ने लगेगी। मेरठ में मेट्रो भी चलने लगेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार यानी आज नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
करीब 82.15 किलोमीटर (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत) लंबाई वाली नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये में तैयार हुई है। इससे मेरठ के अलावा आसपास के जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। मेरठ से दिल्ली पहुंचाना आसान हो जाएगा। अभी तक रैपिड ट्रेन दिल्ली के अशोक विहार से मेरठ साउथ तक संचालित की जा रही थी। अब यह मेरठ मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक संचालित की जाएगी। करीब 82 किमी की इस दूरी की यात्रा के लिए लोगों को करीब 213 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, मेरठ में मेट्रो का संचालन पहली बार होने जा रहा है। करीब 23 किलोमीटर लंबे रूट पर चलने वाली मेट्रो का किराया अभी घोषित नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली रोड पर यातायात के मार्ग में बदलाव किया गया है। रैली स्थल के पास ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, पीएम मोदी के दौरे से पहले शनिवार को सीएम योगी ने उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
पीएम का कार्यक्रम
शताब्दी नगर हेलिपैड पर सुबह 11:30 बजे पीएम मोदी का स्वागत सीएम योगी करेंगे
दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से मेट्रो-नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
दोपहर 01 बजे प्रधानमंत्री मोहिउद्दीनपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर जनसभा को संबोधित करेंगे
दोपहर 2:10 बजे पीएम राजकीय हेलिकॉप्टर से वापस हिंडन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे
मेरठ से 55 मिनट में पहुंच जाएंगे दिल्ली
रैपिड सेवा शुरू होने से मेरठ और दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। नमो भारत ट्रेन मोदीपुरम से सराय काले खां तक की 82 किलोमीटर की दूरी 55 मिनट में तय करेगी। इसका किराया 2.60 रुपये प्रतिकिलोमीटर (करीब 213 रुपये) तय किया गया है।
शहरी यातायात में सुगमता
मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू होने से शहरी यातायात सुगम हो जाएगा। मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक करीब 23 किलोमीटर तक मेट्रो चलेगी। इस दूरी में 13 स्टेशन बनाए गए हैं। इससे दिल्ली रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
बदल जाएगी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर
मेरठ से दिल्ली तक नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का दिल्ली तक पहुंच आसान हो जाएगी। कम समय में मेरठ से दिल्ली तक यात्रा संभव होने से कारोबारी से लेकर नौकरी पेशा वालों को सुविधा मिलेगी। इससे इस क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी पंख लग जाएंगे। उद्योग से लेकर रियल इस्टेट तक के कारोबार में उछाल आने उम्मीद जताई जा रही है।



