
होली पर्व के नजदीक आते रेलवे द्वारा कई स्पैशलों ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है लेकिन ट्रेनों की देरी के क्रम के चलते यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही। त्यौहार से पहले विभिन्न ट्रेनों की लगातार देरी के बीच यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी बीच रविवार छुट्टी के बीच सिटी व कैंट स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों लेट पहुंचीं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। विशेष रूप से वैष्णो देवी स्पैशल और सरबत दा भला एक्सप्रैस करीब साढ़े 5-5 घंटे की देरी से चलने के कारण यात्रियों को दिक्कतें उठाने को मजबूर होना पड़ा। वहीं फिरोजपुर से आने वाले डी.एम.यू. और मालवा एक्सप्रैस ने यात्रियों को लगभग 2-2 घंटे तक प्लेटफॉर्म पर रोके रखा।
यात्रियों का कहना है कि त्यौहार के मौसम में पहले ही भीड़ अधिक रहती है, ऊपर से ट्रेनों की अनियमितता ने स्थिति को और कठिन बना दिया है। कई यात्रियों ने बताया कि लंबी देरी के कारण उन्हें न केवल मानसिक तनाव झेलना पड़ा, बल्कि आगे की यात्रा योजनाओं पर भी असर पड़ा। आलम यह है कि भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर लगे बैंच पर बैठने को सीटें नहीं मिल रही। इसी क्रम में नई दिल्ली से कटड़ा जाने वाली 04081 वैष्णो देवी स्पैशल साढ़े 5 घंटे की देरी के साथ सुबह लगभग 11 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। नई दिल्ली से चलने वाली 22479 सरबत दा भला अपने निधार्रित समय 1.30 से साढ़े 5 घंटे की देरी के साथ सिटी पहुंची।
नई दिल्ली से आने वाली 12029 स्वर्ण शताब्दी अपने निर्धारित समय दोपहर 12.06 से 50 मिनट लेट रहते हुए 1 बजे के करीब सिटी स्टेशन पर पहुंची। नई दिल्ली से आने वाली शान-ए-पंजाब 12497 करीब 20 मिनट लेट रही जबकि अमृतसर से दिल्ली जाने वाली 12498 शान-ए-पंजाब 15 मिनट लेट रही। अमृतसर से चलने वाली हरिद्वार जनशताब्दी 12054 आधा घंटा लेट रहते हुए सुबह साढ़े 8 बजे सिटी पहुंची जबकि अमृतसर शताब्दी 15 मिनट देरी के साथ सवा 8 बजे जालंधर पहुंची।
वैष्णो देवी जाने वाली 19803 आधे घंटे की देरी के साथ सवा 8 बजे कैंट पहुंची। वैष्णों देवी जाने वाली 12919 मालवा एक्सप्रैस 2 घंटे की देरी के साथ साढ़े 12 बजे कैंट स्टेशन पर पहुंची। जम्मू से चलने वाली 14804 अपने निधार्रित समय शाम साढ़े 4 से लगभग 1 घंटा देरी से सिटी स्टेशन पहुंची। लोकल ट्रेनों की बात की जाए तो फिरोजपुर से चलने वाली डी.एम.यू. 74936 अपने निर्धारित समय शाम सवा 4 से 2 घंटे की देरी के साथ सवा 6 के बाद सिटी पहुंची।
वैष्णों देवी सहित विभिन्न रूटों पर 7 फैस्टिवल स्पैशल ट्रेनों का संचालन
होली पर्व के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा 7 फैस्टिवल स्पैशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये विशेष ट्रेनें नियमित निर्धारित ट्रेनों के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि अमृतसर से चार, श्री वैष्णो देवी कटड़ा से दो जबकि फिरोजपुर कैंट से एक तथा ट्रेन का संचालन किया जाएगा। श्री वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली (04082) 23 फरवरी से 9 मार्च तक रोजाना रात 9.20 बजे कटरा से चलेगी। रेलगाड़ी संख्या 04604 श्री वैष्णो देवी कटड़ा से वाराणसी के लिए 27 फरवरी, 6, 13, 20 व 27 मार्च को शाम 6.15 बजे कटरा से रवाना होगी।
इसी कड़ी के तहत 04610 ट्रेन संख्या अमृतसर से मानसी के लिए 24 व 28 फरवरी व 4 मार्च को शाम 8.10 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर-कटिहार 27 फरवरी, 6, 13, 20 व 27 मार्च को दोपहर 1.25 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 05006 अमृतसर से बढ़नी 26 मार्च को दोपहर 12.45 बजे चलेगी। अमृतसर-कटिहार (04614) 25 फरवरी 1 व 5 मार्च को दोपहर 2.15 पर चलेगी। ट्रेन संख्या 04616 फिरोजपुर से दानापुर के लिए 26फरवरी, 2 व 6 मार्च को दोपहर 12 बजे रवाना होगी।





