झारखंडराज्य

कोडरमा के 2 वार्डों में वोटिंग बायकॉट का असर

नगर पंचायत डोमचांच के दो वार्डो में चुनाव बहिष्कार की घोषणा का असर मतदान के दिन साफ नजर आया। मतदान के दिन सोमवार सुबह 10 बजे तक वार्ड संख्या 11 में महज सात वोट पड़े, जबकि वार्ड संख्या 5 में एक भी मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचा। वार्ड 11 में पड़े वोटों में अधिकांश बूथ लेवल पदाधिकारी एवं सरकारी कर्मियों के बताए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि इन दोनों वार्डों से वार्ड पार्षद पद के लिए किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। ऐसे में यहां केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है। पार्षद पद पर प्रत्याशी नहीं होने से मतदाताओं में उत्साह का अभाव साफ दिखा और मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा।

उल्लेखनीय है कि नामांकन प्रक्रिया से पहले नगर पंचायत की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था। हालांकि अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद नामांकन के अंतिम दिन 4 फरवरी को अध्यक्ष एवं कुछ वार्डों के लिए नामांकन दाखिल किए गए।

बावजूद इसके वार्ड संख्या 5 और 11 में पार्षद पद के लिए एक भी नामांकन नहीं हुआ। ऐसे में इन वार्डों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया औपचारिकता तक सिमटती दिखी। अब देखना होगा कि आगे मतदाताओं का रुख क्या रहता है और अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रतिशत कितना बढ़ पाता है।

Related Articles

Back to top button