
राजस्थान में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले 48 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। होली तक कुछ शहरों में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के 20 से अधिक शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। जयपुर, बीकानेर और बाड़मेर में रात के तापमान में भी गिरावट कम हो गई है, जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
हल्की बारिश से बदला मौसम
पिछले 24 घंटों में कुछ क्षेत्रों में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिला। जयपुर और टोंक के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर, सीकर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में हल्के बादल छाए रहे। वहीं पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली।
जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं कोटा में 30.9, अजमेर में 30.6, पिलानी और नागौर में 30.7, बारां में 30.3 तथा निवाई में 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों में प्रदेश का तापमान
23 फरवरी को जारी आंकड़ों के अनुसार बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। चित्तौड़गढ़ में 33.2, जैसलमेर में 33.4, बीकानेर में 33 और जोधपुर में 32.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। उदयपुर में 31.6, भीलवाड़ा में 31.5, चूरू में 31.6, गंगानगर में 31.9, फतेहपुर और पाली में 31-31 डिग्री दर्ज किया गया।
कोटा में अधिकतम तापमान 30.9, पिलानी और नागौर में 30.7, अजमेर में 30.6, निवाई क्षेत्र सहित बारां में 30.3 डिग्री रहा। जयपुर में 29.7, दौसा में 29.9, झुंझुनूं में 29.5 और करौली में 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। अलवर में 29 और सीकर में 28 डिग्री रहा, जबकि सिरोही में अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो जयपुर में 19.2 डिग्री के साथ रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं। बाड़मेर में 17.8, बीकानेर में 17.4, जैसलमेर में 16.8, कोटा में 16.2, सीकर में 16, अजमेर में 16.4 और चित्तौड़गढ़ में 15.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे प्रदेश में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।





