
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान राउरकेला परिसर में मंगलवार सुबह 2 दंतैल हाथी घुस गए हैं। दीवार तोड़ कर हाथियों के घुसने से अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद वन विभाग और स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।हाथियों को परिसर के भीतर घूमते देखा गया, जबकि कुछ अन्य हाथी आसपास के बाहरी इलाकों में मौजूद थे।
सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखते हुए हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास शुरू किए।
डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर जसवंत सेठी, सहायक वन संरक्षकऔर अन्य वनकर्मियों के साथ स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मानक वन्यजीव नियंत्रण प्रक्रियाओं के तहत हाथियों को परिसर से दूर ले जाने की कोशिशें जारी हैं, ताकि निवासियों और जानवरों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
डीएफओ ने आश्वासन दिया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “हाथियों की गतिविधि पूरी तरह नियंत्रण में है। हमारी टीमें मौके पर मौजूद हैं और उनकी हर गतिविधि पर करीबी नजर रखी जा रही है।
छात्रों और कर्मचारियों को स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक घरों के अंदर रहने और प्रभावित क्षेत्र के पास न जाने की सलाह दी गई है। अभियान के दौरान प्रशासन कड़ी निगरानी बनाए हुए है।




