झारखंडराज्य

 पहले राउंड की मतगणना के बाद मेयर पद पर रोशनी खलखो आगे

निकाय चुनाव को लेकर रांची नगर निगम के चुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह निर्धारित मतगणना स्थल पर शुरू हुई।

प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। पहले राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो ने बढ़त बना ली है।

पहले राउंड में रोशनी खलखो को 810 वोट मिले हैं, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो 390 वोट के साथ पीछे चल रही हैं।

शुरुआती रुझानों के सामने आने के बाद मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता का माहौल देखा जा रहा है।

इसी बीच वार्ड स्तर पर भी परिणाम सामने आने लगे हैं। वार्ड संख्या 19 से पार्षद पद की प्रत्याशी गीता कुमारी ने जीत दर्ज की है। उनकी जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

पहले राउंड में शहर के कई वार्डों के बूथों की गिनती की गई, जबकि अन्य वार्डों की मतगणना प्रक्रिया जारी है। सुबह प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मतगणना को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग टेबलों पर कर्मियों की तैनाती की गई है, वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मतगणना के दौरान सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक मतों की संख्या अधिक होने और बैलेट पेपर से मतदान के कारण मतगणना में समय लग सकता है। ऐसे में अंतिम परिणाम देर रात तक आने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल, पहले राउंड के नतीजों में मेयर पद पर रोशनी खलखो की बढ़त और वार्ड 19 से गीता कुमारी की जीत ने चुनावी माहौल को और रोचक बना दिया है। आगे के राउंड में तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button