
ओडिशा की सत्ता राजनीति के सबसे विवादास्पद चेहरों में शुमार रहे पूर्व 5टी सचिव वीके पांडियन की मुश्किलें अब खुलकर सामने आती दिख रही हैं। ओडिशा क्राइम ब्रांच ने उनके खिलाफ दर्ज शिकायत पर जांच तेज करते हुए सबूत जुटाने की प्रक्रिया को निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया है। इस क्रम में भारतीय बिकास परिषद ने जांच एजेंसी को दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बड़ा पुलिंदा सौंपा है।
यह कार्रवाई 8 फरवरी 2024 को राज्य के गृह सचिव को सौंपी गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। मामले में परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पाणिग्रही को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। क्राइम ब्रांच अब वीके पांडियन के 5टी सचिव रहते हुए ओडिशा सरकार के कार्य संचालन नियम, 1956 के कथित उल्लंघन की गहन जांच में जुटी है।
सत्ता के केंद्र में रहकर ‘सुपर सीएम’ की भूमिका का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बीजू जनता दल के प्रभावशाली नेता रहे वीके पांडियन ने सरकारी पद की मर्यादा को दरकिनार कर सत्ता का खुला दुरुपयोग किया। आरोप है कि वे सरकारी बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बिना संवैधानिक अधिकार के निर्णय लेते रहे और प्रशासनिक व्यवस्था पर पूरी तरह हावी रहे।
हेलीकॉप्टर यात्राओं पर जनता का पैसा उड़ाने का दावा
परिषद ने आरोप लगाया है कि पांडियन के कार्यकाल में हेलीकॉप्टर यात्राओं और सरकारी कार्यक्रमों पर करोड़ों रुपये का सार्वजनिक धन खर्च किया गया। इन खर्चों की वैधानिक स्वीकृति और जरूरत पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
‘मुख्यमंत्री को नियंत्रण में रखने’ का सनसनीखेज आरोप
सुरेंद्र पाणिग्रही ने दावा किया कि वीके पांडियन लगभग 12 वर्षों तक नवीन पटनायक के निजी सचिव रहे और बाद में 5टी सचिव तथा अध्यक्ष के पद पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पांडियन ने तत्कालीन मुख्यमंत्री को अपने प्रभाव में रखकर पूरे राज्य की प्रशासनिक मशीनरी को नियंत्रित किया।
“मैंने वीके पांडियन के खिलाफ मेरे पास उपलब्ध सभी साक्ष्य जांच अधिकारी को सौंप दिए हैं। उन्होंने न सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग किया, बल्कि पूरे राज्य को अपने नियंत्रण में ले लिया,” पाणिग्रही ने कहा।
उन्होंने बताया कि ये सभी साक्ष्य जांच अधिकारी संतोष गौड़ा को ओडिशा क्राइम ब्रांच के डीएसपी कार्यालय में सौंपे गए हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच सभी आरोपों और सबूतों की बिंदुवार जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में राजनीतिक तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।





