उड़ीसाराज्य

ओडिशा-आंध्र सीमा पर वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़

ओडिशा के मालकानगिरी जिले में वन विभाग ने गुरुवार को ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा पर वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 631 जीवित कछुओं को बरामद किया। इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग को मिली थी जानकारी
अधिकारियों के अनुसार, मोटू सीमा क्षेत्र में यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। वन विभाग को अवैध रूप से कछुओं की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिली थी। बताया गया कि आंध्र प्रदेश के दो व्यापारी पांच अन्य कारोबारियों को कछुए बेच रहे थे, तभी वन अधिकारियों ने छापा मारकर सभी को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने 631 कछुओं को बरामद किया और तस्करी के प्रयास में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने आरोपियों के पास से एक चारपहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए।

लाखों रुपये है कछुओं की कीमत
वन अधिकारियों ने बताया कि कछुओं को 38 ट्रे में भरकर ले जाया जा रहा था। बरामद किए गए कछुओं का कुल वजन लगभग दो टन बताया जा रहा है और अवैध वन्यजीव बाजार में इनकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

वन विभाग ने सभी कछुओं को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखा है। अधिकारियों को संदेह है कि आरोपी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के बीच चल रहे अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं।

पहले भी सामने आ चुका है मामला
अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 1 मार्च को कालिमेला वन विभाग ने एमवी-62 गांव के पास जंगल क्षेत्र से 200 जीवित कछुए बरामद किए थे।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से सीमा क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी को लेकर चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button