कुलदीप यादव और वंशिका की शादी में क्रिकेट जगत का लगेगा जमावड़ा

भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। वे अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ विवाह करेंगे। उनकी शादी 14 मार्च को मसूरी में होने वाली है, जहां पर तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। इस बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। कुलदीप की शादी में क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। यादव की शादी सेवॉय होटल में होने वाली है।
ये होटल तीन दिनों के लिए पूरी तरह से बुक हो चुका है। अब जानकारी सामने आ रही है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज कुलदीप की शादी में शामिल हो सकते हैं। इसके संकेत इस बात से भी मिले हैं कि सेवॉय होटल के आसपास कई लग्जरी होटल को बुक किया गया है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा ले सकते हैं हिस्सा
कुलदीप की शादी में भारतीय टीम के दो सबसे बड़े दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा हिस्सा ले सकते हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक विराट, रोहित और जसप्रीत बुमराह के भी शादी में पहुंचने की उम्मीद है। होटल मैनेजमेंट ने पुष्टि की है कि द सेवॉय होटल के लगभग 80 कमरे बुक कर लिए गए हैं। इसके साथ ही परिवार और सुरक्षा कर्मियों के ठहरने के लिए आस-पास के कई लग्जरी घरों को भी बुक किया गया है।
कौन हैं कुलदीप की होने वाली पत्नी?
कुलदीप यादव की होने वाली पत्नी वंशिका उनकी बचपन की दोस्त हैं। ये दोनों कानपुर में पले-बढ़े हैं और वहां पर दोनों के घरों की दूरी मात्र 3 किलोमीटर है। कुलदीप यादव लाल बंगलो इलाके के रहने वाले हैं, जबकि वंशिका श्याम नगर में रहती हैं। वंशिका एलआईसी में काम करती हैं और उन्होंने मेलबर्न से पढ़ाई की है। बता दें कि कपल ने 4 जून को लखनऊ में सगाई की थी। पहले ये शादी नवंबर में होने वाली थी लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, अब 14 मार्च को दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
17 मार्च को शादी का रिसेप्शन
14 मार्च को मसूरी में शादी के बंधन में बंधने के बाद 17 मार्च को लखनऊ में रिसेप्शन होगा। ये रिसेप्शन होटल सेंट्रम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो सकते हैं। शादी से पहले कुलदीप सीएम योगी से मिले थे और उन्हें शादी का निमंत्रण भी दिया था।




