राजस्थानराज्य

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पढ़ी गई ईद-उल-फितर की नमाज

जयपुर-दिल्ली हाईवे पर ईद-उल-फितर के मौके पर मुस्लिम समुदाय ने सामूहिक नमाज अदा की। बड़ी संख्या में लोग शांतिपूर्ण ढंग से शामिल हुए। वहीं, इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन भी चौकन्ना रहा।

राजस्थान की राजधानी जयपर में ईद उल फितर के अवसर पर शनिवार को जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हुए और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से इबादत की। यह आयोजन राजस्थान में ईद के जश्न का हिस्सा रहा, जहां समुदाय के लोग सुबह से ही नमाज के लिए पहुंचे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

जानकारी के मुताबिक, जयपुर में इस बार ईद का त्योहार सादगी और संवेदनशील माहौल में मनाया गया। शहर की ईदगाह, जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ी। ईदगाह में करीब एक लाख लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अमन और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, ईरान पर हो रहे हमलों के विरोध में जयपुर, सीकर और अजमेर सहित राजस्थान के कई जिलों में प्रदर्शन देखने को मिला। शनिवार को लोगों ने काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की और मस्जिदों पर काले झंडे लगाए। इस दौरान नमाज के बाद कई स्थानों पर अमेरिका और इस्राराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने वैश्विक हालात पर चिंता जताते हुए शांति और न्याय की मांग की।

फूलों की बारिश से स्वागत, दिखी एकता
ईद के मौके पर खास नजारा तब देखने को मिला जब अन्य समुदाय के लोगों ने नमाजियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। इस पहल ने सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की, जिसे नमाजियों ने सराहा।

हिंदू-मुस्लिम एकता समिति से जुड़े राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि समाज में कुछ लोग भेदभाव फैलाने की कोशिश करते हैं, जो सही नहीं है। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि “राम के बिना रमजान अधूरा है और ईद के बिना दिवाली”, इसलिए सभी धर्मों के लोगों को मिलकर रहना चाहिए और एकता को मजबूत करना चाहिए।

सादगी के साथ मनाया त्योहार
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कई लोगों ने ईद सादगी से मनाई। न नए कपड़े पहने गए और न ही पारंपरिक व्यंजन बड़े स्तर पर बनाए गए। लोगों ने इसे संवेदनशील समय में जिम्मेदार पहल बताया। पूरे शहर में ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई और कहीं से कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रशासन ने इसे लेकर राहत जताई और लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button