राज्यहरियाणा

हरियाणा में रबी सीजन की तैयारी तेज, सीएम सैनी ने 470 करोड़ के बैग खरीद को दी मंजूरी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में यहां हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में रबी 2026-2027 सीजन के लिए भंडारण व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 550 करोड़ रुपए से जूट व अन्य बैगों की खरीद के 2 एजेंडे थे, नेगोसिएशन करके 80 करोड़ रुपए बचाए गए। गेहूं के सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करने के लिए जूट बैगों तथा अन्य बैगों की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई।

इस निर्णय से राज्य में अनाज भंडारण की क्षमता को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा तथा किसानों से खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित रख-रखाव में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी। यह खरीद प्रक्रिया खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मंडियों में आने वाली फसल के प्रबंधन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button