Sanju Samson को चाहिए सिर्फ 23 रन, गुजरात के घर में रचेंगे इतिहास?

चेन्नई सुपर किंग्स के बैटर संजू सैमसन की निगाहें आज गुजरात के खिलाफ खेले जाने वाले ‘करो या मरो’ मैच पर अपने आईपीएल करियर के बड़े रिकॉर्ड को हासिल करने पर रहने वाली है। विकेटकीपर बैटर को 23 रन की जरूरत होगी, ताकि वो आईपीएल इतिहास में दूसरी बार अपने 500 प्लस रन किसी सीजन में पूरे कर लें।
सीएसके के लिए आईपीएल 2026 में डेब्यू का सफर संजू के लिए कमाल का रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स से रवींद्र जडेजा और सैम करन के जगह ट्रेड किया था।
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं Sanju Samson
आईपीएल 2026 में सीएसके के लिए संजू सैमसन ने अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 13 मैचों में उन्होंने 477 रन बना लिए हैं, जहां उनका औसत 47 और स्ट्राइक रेट 166 का रहा है। इस दौरान उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक भी लगाया है। टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहने वाले संजू ने उसी फॉर्म को आईपीएल 2026 में भी बरकरार रखा और इस सीजन वो सीएसके के सबसे भरोसेमंद प्लेयर बनकर उभरे हैं।
IPL करियर में दूसरी बार छू सकते हैं 500 रन का आंकड़ा
आज गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहम मैच में अगर संजू सैमसन 23 रन बना लेते हैं तो ये उनके आईपीएल करियर का सिर्फ दूसरा मौका होगा, जब उन्होंने एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हों।
इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2024 में 531 रन बनाए थे और उस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतकीय पारियां निकली थी।
आरआर से सीएसके तक का सफर
संजू ने आईपीएल डेब्यू 2013 में राजस्थान रॉयल्स के साथ किया था। कुछ समय बाद वो दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े थे। वहीं, IPL 2026 से पहले हुए बड़े ट्रेड में वो चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने। इस डील में रवींद्र जडेजा और सैम करन शामिल थे।
CSK के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति
एक तरफ संजू की निगाहें होगी कि वो अपने आईपीएल करियर के स्पेशल रिकॉर्ड को हासिल करें, तो दूसरी तरफ उन पर ये जिम्मेदारी होगी कि वो सीएसके को गुजरात पर बड़ी जीत दर्ज कराएं और प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखें।
बता दें कि आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में अभी तक 3 टीमें पहुंच चुकी है, जिसमें आरसीबी, पंजाब और हैदराबाद का नाम शामिल है, लेकिन 1 स्पॉट के लिए 5 टीमों के बीच जंग जारी है। सीएसके के प्लेऑफ की उम्मीदें अब काफी कम बची है। पांच बार की चैंपियन टीम 13 मैचों में 12 अंकों और -0.016 के नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर मौजूद है।




