तेलंगाना में गर्मी से 16 की मौत, हिमाचल प्रदेश में लू का अलर्ट…

देश के कई राज्य भीषण गर्मी लू की चपेट में हैं। शनिवार को भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।मौसम विभाग (आइएमडी) ने चेतावनी दी है कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रविवार से तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।
हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लुधियाना का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलबीर सिंह ने सरकारी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वे हीट स्ट्रोक प्रबंधन के लिए समर्पित यूनिट चालू करें, जिनमें आइस पैक सहित सक्रिय शीतलन उपाय और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति उपलब्ध हों।
हरियाणा में, अंबाला का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिसार का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग (आइएमडी) ने सोमवार के लिए झारखंड के तीन जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा के लिए लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि अगले छह दिनों में कई अन्य जिलों में गरज, बिजली और मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
धनबाद में रविवार को बारिश की संभावना को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि लू के कारण राज्य के सात जिलों में 16 लोगों की मौत हो गई है। राजस्थान में, चित्तौड़गढ़ पिछले 24 घंटों में 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
दिल्ली में 45 डिग्री के पार तापमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार से तापमान में और वृद्धि होने की आशंका है। दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्टहिमाचल प्रदेश में, शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 और 27 मई को राज्य के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जैसे जिले इससे प्रभावित हो सकते हैं। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ तूफान आने की भी संभावना है।




