13 साल बाद फिर एलिमिनेटर में भिड़ेंगे हैदराबाद-राजस्थान, जो हारा टूर्नामेंट से होगा बाहर

आईपीएल में प्लेऑफ का रोमांच शुरू हो चुका है। न्यू चंडीगढ़ में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।
यह एलिमिनेटर मुकाबला होगा, यानी जो टीम हारेगी उसे आईपीएल से बाहर का रास्ता देखना पड़ेगा। वहीं, जीत हासिल करने वाली टीम क्वालिफायर-2 खेलेगी जहां उसका मुकाबला फाइनल में प्रवेश करने के लिए क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम से होगा।
13 साल बाद होगी टक्कर
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्य 13 साल बाद आपस में एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही हैं। इससे पहले 2013 में दोनों टीमों के बीच दिल्ली में एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया था जिसमें राजस्थान ने चार विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि दोनों टीमें दो साल पहले भी प्ले आफ में भिड़ी थीं और तब क्वालिफायर-2 में उनके बीच मुकाबला हुआ था जिसमें हैदराबाद ने राजस्थान को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।
ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों ही टीमें जीत हासिल कर क्वालिफायर-2 में जगह बनाने की कोशिश करेगी।
हैदराबाद की राजस्थान पर लगातार छह जीत
आंकड़ों के हिसाब से इस मैच में हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। हैदराबाद ने राजस्थान को पिछले लगातार छह मुकाबलों में हराया है। इस सीजन के दोनों मैच भी हैदराबाद ने ही जीते हैं। वहीं, ओवर ऑल रिकॉर्ड में भी हैदराबाद की टीम ही आगे है। दोनों टीमें 23 बार आपस में भिड़ चुकी हैं। जिनमें 14 मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद ने जीते जबकि नौ में राजस्थान रायल्स की टीम विजयी रही थी।
राजस्थान का प्ले ऑफ रिकॉर्ड
– 11 मैच खेले
– 5 में मिली जीत
– 6 मैच हारे
– 2 बार फाइनल खेला, एक बार चैंपियन बने(2008)
हैदराबाद का प्ले ऑफ रिकार्ड
– 14 मैच खेले
– 8 में मिली जीत
– 6 मैच हारे
– 3 बार फाइनल खेला, एक बार चैंपियन बने(2016)
वैभव पर सभी की नजरें
इस मुकाबले पर सभी की नजरें एक बार फिर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। राजस्थान के लिए उनके बल्ले से रन आने बेहद जरूरी हैं। अगर वह अच्छी शुरुआत दिलाते हैं तो टीम मैच पर पकड़ बना सकती है। वहीं, सनराइजर्स की कोशिश उन्हें जल्दी पवेलियन लौटाने की होगी। मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में वैभव महज चार रन बनाकर आउट हो गए थे।
हालांकि न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ हुए मुकाबले में वैभव ने महज 16 गेंदों में पांच छक्कों की बदौलत 43 रनों की आतिशी पारी खेली थी। वहीं, यशस्वी जयसवाल का बल्ला काफी मैचों से खामोश रहा है। उन्होंने इस सीजन अपना आखिरी अर्धशतक भी न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर ही जड़ा था।
हैदराबाद की ताकत उनकी बल्लेबाजी
हैदराबाद के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है। टीम के पास अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के रूप में विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी है। इसके बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन भी शानदार फॉर्म चल रहे हैं। इस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले 10 बल्लेबाजों में तीन तो हैदराबाद के ही हैं। उनकी ओर से सर्वाधिक रन क्लासेन(606) ने बनाए हैं जबकि ईशान किशन ने 569 और अभिषेक शर्मा ने 563 रन बनाए हैं।




