बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने के बाद ‘पेद्दी’ इस प्लेटफॉर्म देगी दस्तक, कब देख पाएंगे फिल्म?

‘धुरंधर 2’ के बाद साल 2026 की सबसे बड़ी पैन इंडिया रिलीज फिल्म ‘पेद्दी’ इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। एक तरफ जहां घरेलू बॉक्स ऑफिस पर मूवी 200 करोड़ के कलेक्शन की तरफ बढ़ रही है, तो वहीं दूसरी तरफ दुनियाभर में ‘पेद्दी’ को काफी प्यार मिल रहा है।
सिनेमाघरों में 4 जुलाई को रिलीज हुई राम चरण की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म कब तक OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगी, इसकी डिटेल्स सामने आ चुकी हैं।
सिनेमाघरों के बाद इस OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी ‘पेद्दी’
GQ मैगजीन की रिपोर्ट के मुताबिक, सिनेमाघरों में धूम-धड़ाका करने वाली ‘पेद्दी’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज होगी। जिसका हिंट बुची बाबू के निर्देशन में बनी इस मूवी के ओपनिंग क्रेडिट सीन में ही मेकर्स ने दे दिया था। नेटफ्लिक्स फिल्म का स्ट्रीमिंग पार्टनर है। अमूमन कोई भी बड़ी फिल्म जब सिनेमाघरों में आती है, तो वह 8 से 10 हफ्तों के बीच में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दी जाती है।
ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि राम चरण (Ram Charan) और जाह्ववी कपूर स्टारर स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 16 जुलाई से 30 जुलाई के बीच ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जा सकती है। हालांकि, ओटीटी रिलीज की तारीख को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी तक कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की गई है।
क्या है राम चरण की पेद्दी की कहानी?
राम चरण की पैन इंडिया रिलीज फिल्म ‘पेद्दी’ की कहानी की बात करें तो यह फिल्म एक हाई स्किल गांव के लड़के की है, जो अपनी आजीविका के लिए लोकल क्रिकेट और कुश्ती करता है। अपने गुमनाम हो चुके होमटाउन को दुनियाभर में पहचान दिलाने के लिए ‘पेद्दी’ नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेता है। हालांकि, कुछ लोगों की जलन के कारण उसके सपने टूटने लगते हैं, लेकिन इसके बावजूद वह हार नहीं मानता है।
स्पोर्ट्स प्लेयर और गांव का नाम रोशन करने के जुनून को दिखाती ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर ने ‘अचियम्मा’ का किरदार निभाया है। जिस तरह से निर्देशक ने फिल्म में जाह्नवी के किरदार को प्रेजेंट किया था, उससे फैंस में खासी नाराजगी थी। मूवी में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा, बमन ईरानी और रवि किशन ने भी अहम भूमिका निभाई है।




