
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने झज्जर जिले के दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने बादली विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न हिस्सों के लिए कई महत्वपूर्ण ढांचागत और कृषि-बागवानी से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर झज्जर को विकास की नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे में किसानों और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए दो बड़े केंद्रों की शुरुआत की गई।मुख्यमंत्री ने मुनीमपुर गांव में नवनिर्मित फूल एवं बीज उत्कृष्टता केंद्र (Center of Excellence for Flowers and Seeds) का भव्य उद्घाटन किया। यह केंद्र क्षेत्र में उन्नत किस्म के फूलों और बीजों के उत्पादन में मील का पत्थर साबित होगा।
रईया गांव में बागवानी अनुसंधान केंद्र (Horiculture Research Center) का शुभारंभ किया गया। इससे किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी और सहायता मिलेगी, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बादली लघु सचिवालय सहित विकास कार्यों की झड़ी
प्रशासनिक व्यवस्था को आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने बादली लघु सचिवालय (Mini Secretariat) की नई इमारत का उद्घाटन किया। इसके साथ ही क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई अन्य सड़कों, पेयजल और विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया गया।
जनसभा में जोरदार स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विकास कार्यों की सौगात देने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जैसे ही विशाल जनसभा स्थल पर पहुंचे, वहां मौजूद जनता और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंच पर पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का फूलों के गुलदस्ते और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। इस विकास रैली और जनसभा को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाने के लिए मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पंडाल में समां बांध दिया, जिसे सुनने के लिए भारी भीड़ जुटी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जनसभा स्थल और दोनों अनुसंधान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे। पंडाल में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और किसान मुख्यमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए उत्साहित दिखे।




