निवाड़ी को 193 करोड़ की विकास सौगात: सीएम यादव करेंगे 59 विकास कार्यों का भूमि-पूजन व लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को निवाड़ी जिले को करीब 193 करोड़ रुपये के 59 विकास कार्यों की सौगात देंगे। ओरछा और निवाड़ी दौरे के दौरान वे कलेक्ट्रेट भवन सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को निवाड़ी जिले को करीब 193 करोड़ रुपये की लागत वाले 59 विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट भवन के लोकार्पण सहित अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:30 बजे ओरछा पहुंचेंगे। यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ओरछा से निवाड़ी के लिए रवाना होंगे। निवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:25 बजे निवाड़ी से झांसी के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री निवाड़ी में 46 राजस्व स्टाफ आवास और पृथ्वीपुर में 29 राजस्व स्टाफ आवासों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय निवाड़ी के 100 बिस्तरीय भवन के उन्नयन कार्य का भी लोकार्पण किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत ग्राम जेवरा, ब्लॉक पृथ्वीपुर में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, पृथ्वीपुर ब्लॉक में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य भवन, ग्राम सेंधरी ब्लॉक निवाड़ी में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्य भी कार्यक्रम में शामिल हैं। कौशल विकास और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का भी भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर निवाड़ी जिले के लोगों में उत्साह है। प्रशासन का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सड़क, नगरीय सुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई गति आएगी।



