वापसी में फेल ‘कप्तान बाबर आजम’, वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने दिन में दिखाए तारे

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान के तौर पर वापसी कर रहे बाबर आजम पहली पारी में तो बुरी तरह फेल हो गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ टौरोबा में खेले जा रहे पहले मैच के दूसरे दिन बाबर सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हो गए और अपनी टीम को मुश्किल में डाल दिया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने तीन विकेट खोकर 199 रन बना लिए हैं।
वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 311 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इस लिहाज से पाकिस्तान अभी भी मेजबान टीम से 112 रन पीछे है। स्टम्प की घोषणा तक शान मसूद 88 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि सलमान अली अगा का खाता खुलना अभी बाकी है।
संभाल नहीं पाए बाबर
पाकिस्तान को तीसरे ओवर में ही झटका लग गया था। केमार रोच ने अजान अवैस को बिना खाता खोले पवेलियन की राह दिखा दी थी। हालांकि, इसके बाद इमाम उल हक और शान मसूद ने पारी को संभाला। दोनों ने 155 रनों की साझेदारी की। इमाम 102 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 63 रन बनाने में सफल रहे। उनको शामार जोसेफ ने आउट किया। दूसरे छोर पर पैर जमा चुके मसूद को एक साथी की जरूरत थी। बाबर से उम्मीद थी कि वह साथ देंगे, लेकिन दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने फिर निराश किया।
जेडन सील्स की शॉर्ट ऑफ लैंग्थ गेंद पर बाबर बैकफुट पर गए और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर शै होप के दस्तानों में चली गई। अपनी पारी में बाबर 38 गेंदें खेलीं और तीन चौके मारे। मसूद अंत तक खड़े रहे और पाकिस्तान को चौथा झटका नहीं लगने दिया।
वेस्टइंडीज की पारी
इसस पहले, वेस्टइंडीज ने दिन की शुरुआत तीन विकेट के नुकसान पर 194 रनों के साथ की थी। कावेम हॉज 83 और होप ने 39 रनों से आगे अपनी पारियां बुनना शुरू किया, लेकिन टीम का स्कोर में सिर्फ तीन रनों का ही इजाफा हुआ था कि हॉज को खुर्रम शहजाद ने पवेलियन भेज दिया। वह अपने स्कोर में तो एक ही रन जोड़ पाए। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके मारे। उनके जाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम लगातार विकेट खोती रही।
होप 99वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद अली की शिकार बने। उन्होंने 182 गेंदों का सामना कर छह चौके और एक छक्के की मदद से 92 रन बनाए। वह टीम के नौवें विकेट के रूप में आउट हुए। अली ने ही सील्स को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी समेट दी।
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अली ने चार विकेट लिए। मोहम्मद अब्बास ने तीन और खुर्रम ने दो विकेट अपने नाम किए। आमीर जमाल ने एक-एक विकेट लिया।




