Jagjit Singh की खोज है सिंगिग की दुनिया का ये नायाब हीरा

जगजीत सिंह ने अपने पूरे करियर में एक से बढ़कर एक हिट गजलें गाई हैं। आज भी उनकी गजल सुनकर मन को एक अलग का सुकून मिलता है। हालांकि, खुद तो वह एक दिग्गज गायक रहे ही हैं, लेकिन म्यूजिक की दुनिया को उन्होंने एक ऐसा नायाब हीरा दिया, जिन्होंने 90s के दौर में एक से बढ़कर एक कल्ट क्लासिक गाने दिए हैं। कौन हैं वह सिंगर जिन्हें होटल से उठाकर जगजीत सिंह ने बनाया म्यूजिक की दुनिया का किंग, पढ़ें उनकी कहानी।
होटल में जगजीत सिंह ने सुनी थी सिंगर की आवाज
90 के दशक के जिस सिंगर की कहानी हम आपको अपने इस आर्टिकल में बता रहे हैं, वह कोई और नहीं, बल्कि ‘एक सनम चाहिए आशिकी के लिए’, ‘चुरा के दिल मेरा’, ‘तुझे देखा तो’, जैसे कई सुपरहिट गाने देने वाले कुमार सानू हैं। कुमार सानू ने साल 2023 में रियलिटी शो इंडियन आइडल के मंच पर ये खुलासा किया था कि वह एक होटल में गाना गाया करते थे और वहीं से जगजीत सिंह ने उन्हें उठाकर स्टार बनाया है।
दरअसल, शो में एक कंटेस्टेंट ने जगजीत सिंह की ‘होठों से छू लो तुम’ गजल गाई, तो कुमार सानू को अपने पुराने दिन याद आ गए। 90 के दशक के मशहूर सिंगर ने कहा, “जब मैं मुम्बई आया था, तो इन गानों को गाकर मैंने बहुत पैसे कमाए थे। मैं ये गाने होटल में गाया करता था और हर किसी को ‘होठों से छू लो तुम बहुत ही ज्यादा पसंद था। जगजीत सिंह ही वह पहले ऐसे शख्स थे, जिन्होंने मुझे ढ़ुढा था और इंडस्ट्री में लेकर आए।
स्मिता पाटिल की अनरिलीज फिल्म के लिए गाया था गाना
कुमार सानू ने जगजीत सिंह को याद करते हुए आगे कहा, “उन्होंने मुझे मौका दिया और मैनें अपना पहला गाना स्मिता पाटिल और शत्रुघ्न सिन्हा की फिल्म के लिए गाया। हालांकि, वह फिल्म कभी भी रिलीज नहीं हुई। उसके बाद वह मुझे अपनी कार में बिठाकर ले स्टूडियो लेकर आए, कैसेट ली और कल्याण जी भाई को दिखाई। बाद में कल्याण जी भाई ने मुझे मौका दिया।”
कुमार सानू के अगर सिंगिंग करियर की बात करें तो उन्हें ‘किंग ऑफ मेलोडी’ भी कहा जाता है। 1990 में वह हिंदी सिनेमा के बेस्ट सिंगर माने जाते थे। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में अपने पूरे करियर में 22 हजार से अधिक गाने गाए हैं। कुमार सानू के नाम एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है।


