राष्ट्रीय

वेदर अपडेट: बाढ़ की चपेट में यूपी-बिहार के कई जिले

उत्तर और मध्य भारत में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण यूपी, बिहार समेत कई राज्यों के कुछ हिस्से बाढ़ की चपेट में हैं और नदियां उफान पर हैं। जिसके चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आज यानी 24 अगस्त का मौसम कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल…

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर भारत में उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, अगर बात करें मध्य भारत की छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

यूपी का मौसम

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों व तराई भाग में भारी वर्षा के साथ मध्यवर्ती क्षेत्र में हो रही हल्की से मध्यम वर्षा का दौर दो दिनों तक जारी रहेगा। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी सोमवार को भारी बारिश की संभावना है।

यूपी के ललितपुर में सैर नाले पर बना पुल बारिश के पानी में डूब गया। तेज बहाव में एक बाइक बह गई।गाजियाबाद में बारिश का पानी सड़कों पर भर गया। कई गाड़ियां बंद हो गईं। जिन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। वहीं वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सोमवार को बिहार के तीन जिलों- गया, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। जबकि, पटना सहित 20 जिलों में वज्रपात, मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।

दिल्ली में उमस भरी गर्मी

दिल्ली में रविवार को हुई बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा में नमी का स्तर ज्यादा रहने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी महसूस हो रही है। यहां हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

राजस्थान के 12 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान के आज 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। 26-27 अगस्त से राज्य में मानसून के और कमजोर पड़ने की संभावना जताई है।

एमपी के 22 जिलों में अलर्ट

मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में रविवार को मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को एमपी के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button