‘टॉक्सिक’ के कारण थिएटर से बाहर होने वाली थी Hanuman Ansh, प्रोड्यूसर ने किया खुलासा

हनुमान अंश, इस साल की सबसे ज्यादा प्रॉफिट कमाने वाली फिल्मों में से एक बन गई है। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि फिल्म ने सिनेमाघरों में आने के दो हफ्ते बाद ही बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ी। 7 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म 40 दिन बाद भी शानदार कमाई कर रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं इस फिल्म को टॉक्सिक की वजह से कम शोज मिलने की संभावना थी?
हाल ही में फिल्म की प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने फिल्म के शुरुआती दिनों के बारे में बात की और बताया कि विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म ‘लगभग सिनेमाघरों से बाहर हो चुकी थी’ जब 26 अगस्त को यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज हुई।
प्रोड्यूसर ने किया खुलासा
रागिनी ने एक इंटरव्यू में बताया, ‘विशाल फिल्म के प्रमोशन के लिए टीम के साथ रोड ट्रिप पर निकले थे। उन्होंने कहा, ‘हम बाहर सिनेमाघरों में लोगों के बीच होंगे। यह हमारा सफर है।’ और मैं थोड़ी भावुक हो गई थी, मैंने कहा, ‘आप ऐसा नहीं कर सकते।’ उस समय, फिल्म लगभग सिनेमाघरों से हट चुकी थी। रात में कुछ घंटे पहले ही हमने इसे जारी रखने का फैसला किया’।
दो बड़ी फिल्मों की वजह से कम हुई थी स्क्रीन
उन्होंने बताया, ‘पहला हफ्ता तो नॉर्मल रहा, जैसा हमने सोचा था। पहले हफ्ते में हमने 350 थिएटर से शुरुआत की। दूसरे हफ्ते में, दो और बड़ी फिल्में ( शायद ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’) रिलीज होने की वजह से, हम 25-30 थिएटर पर आ गए। यह बहुत बड़ी गिरावट थी, लेकिन ‘हनुमान अंश’ का बिजनेस कम नहीं हुआ। यही हमारे लिए उम्मीद की एकमात्र किरण थी।
रागिनी ने आगे बताया, ‘फिर भी हम थोड़े उलझन में थे। आखिरी समय में, विशाल और मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया और अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स को बताया; वे भी सहमत हो गए। बाकी लोगों को मनाने में थोड़ा समय लगा, लेकिन आखिरकार वे मान गए। फिर अगले हफ्ते हम ज्यादा थिएटर के साथ आगे बढ़े और उसमें थोड़ा खर्च भी हुआ। हमने बात की थी कि अगर फिल्म एक और हफ्ता चलती है, तो सारे खर्च निकल आएंगे। फिल्म एक और हफ्ता चली और बाकी तो इतिहास है’।
‘टॉक्सिक’ को लेकर थी चिंता
‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) के मेकर्स को पक्का नहीं था कि ‘टॉक्सिक’ के थिएटर में आने के बाद उन्हें स्क्रीन मिल पाएगी या नहीं, लेकिन यश (Yash) की फिल्म ना चलने की वजह से हालात बदल गए।




