राष्ट्रीय

2 साल में सबसे गर्म रहा अक्टूबर, AQI भी सीजन में सबसे खराब

अक्टूबर महीने की शुरुआत सामान्य से अधिक तापमान के साथ हुई है। महीने की शुरुआत से ही अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

शनिवार को तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने इसे पिछले दो वर्षों में अक्टूबर का सबसे गर्म दिन बना दिया। वहीं, रविवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।

रविवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे खराब AQI 187 दर्ज किया गया, जो मॉडरेट कैटेगरी के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, दिन के दौरान कम से कम 19 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर खराब AQI दर्ज किया गया। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सर्दियों के मौसम में हवा की धीमी गति जैसे हालात के कारण प्रदूषण वाले दिन बढ़ेंगे।

पिछले साल के मुकाबले इस बार अधिक तपन

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 1 और 2 अक्टूबर को दिन का तापमान 35.2 और 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके उलट, पिछले साल पूरे अक्टूबर महीने में सबसे अधिक तापमान 2 अक्टूबर को 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा था, पूरे महीने में सिर्फ एक दिन पारा 35 डिग्री के पार गया था।

ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर 2024 में 2 तारीख को 37.2 डिग्री, 2023 में 10 तारीख को 35.7 डिग्री और 2022 में 3 तारीख को 35.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा था।

क्यों बढ़ रहा है तापमान?

अक्टूबर में पड़ रही इस तेज गर्मी की वजह बताते हुए मौसम वैज्ञानिक कृष्ण मिश्रा ने कहा कि पिछले 15 दिनों से आसमान पूरी तरह साफ है और कोई बारिश नहीं हुई है। तेज धूप और बारिश की कमी के कारण तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क हवाएं भी गर्मी बढ़ाने का काम कर रही हैं। 5 से 7 सितंबर के दौरान तेज बारिश हुई थी, जबकि मानसून की विदाई के बाद 27 सितंबर को सिर्फ हल्की फुहारें पड़ी थीं।

6 अक्टूबर से राहत के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि हवाओं का रुख बदलने से जल्द ही दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। 6 अक्टूबर से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की जगह पूर्वी हवाएं चलने लगेंगी, जिससे 6 से 9 अक्टूबर के बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

सोमवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि मंगलवार को यह गिरकर 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।

मंगलवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है। इसके बाद बुधवार तक अधिकतम तापमान और लुढ़क कर 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ सकता है।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी

दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार को 23.2 डिग्री सेल्सियस था।

पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री और मंगलवार को 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button