उत्तरप्रदेशराज्य

बरेली में सीएम योगी बोले- उपद्रव किया तो गंवानी होगी बाप-दादाओं की कमाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली क्लब में शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। सीएम ने कहा कि अब उपद्रव किया तो बाप-दादाओं की कमाई भी गंवानी पड़ेगी।

‘प्रदेश में जो भी दंगा करेगा, उसे बाप-दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा। वर्ष 2017 से पहले बरेली में कोई भी पर्व-त्योहार आने से पहले दंगे हो जाते थे। अब वही दंगाई जेल में उर्स मना रहे हैं। प्रदेश की पहचान अब उपद्रव से नहीं, उत्सव से होती है। नवरात्र में पहले दिन से ही प्रतिमा स्थापित कर लोग मां दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। प्रदेश के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।’

ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली क्लब में शिक्षकों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में कहीं। इससे पहले बरेली पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी (चौकीदार) सम्मान कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सत्ता में बैठे लोग ही डकैती और लूट कराते थे। पुलिस असहाय दिखती थी। अब अपराधियों के मन में कानून का भय है।

सीएम ने कहा कि अब बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को अगले चौराहे पर यमलोक का द्वार दिखा दिया जाता है। जेवर छीनकर भागने वाला अगले चौराहे पर लंगड़ा कर दिया जाता है। अब व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। निवेशक यूपी का रुख कर रहे हैं।

‘पिछली सरकारों ने की चौकीदारों की उपेक्षा’
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में असामाजिक तत्वों का पोषण करने वालों ने कानून-व्यवस्था की सबसे अहम इकाई चौकीदारों की उपेक्षा की। आजादी के बाद से 2017 तक चौकीदारों का मानदेय केवल डेढ़ हजार था, हमने 2019 में उसे ढाई हजार और अब साढ़े तीन हजार किया है। साथ ही, उनके समेत पूरे परिवार के लिए पांच लाख तक कैशलेस इलाज की भी घोषणा की।

सुरक्षा में चौकीदारों की भूमिका
मुख्यमंत्री योगी का हेलिकॉप्टर 11:30 बजे पुलिस लाइन मैदान पर बने हेलिपैड पर उतरा। ठीक 10 मिनट बाद वह पंडाल में पहुंचकर बरेली जोन के 5100 चौकीदारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि जिस तरह शहर में सीसीटीवी कैमरे काम करते हैं, वैसे ही गांव में चौकीदारों की जिम्मेदारी है। अगर आप सजग रहेंगे तो छोटे-मोटे विवाद सहमति से ही सुलझ जाएंगे।

बाकी मामलों में आपको खामोशी से सूचनाएं थानेदार या क्षेत्रीय दरोगा से साझा करनी हैं। इससे वह गांव में चल रही गतिविधियों को समझ पाएंगे और कानून-व्यवस्था को बेहतर करने के हरसंभव उपाय किए जा सकेंगे। संदिग्ध गतिविधियों, अपराधियों और जमीन कब्जाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं।

चौकीदारों के खाली पद भरने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद व डीजीपी राजीव कृष्ण से कहा कि प्रदेश में चौकीदारों के खाली पदों पर जल्दी नियुक्ति कराने की व्यवस्था बनाएं। चौकीदारों के साथ हर सप्ताह थानेदारों की बैठक हो, ताकि गांवों की जरूरी सूचनाएं उनके पास आ सकें। जिन चौकीदारों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया है, उन्हें एक-एक फोन भी दिए गए हैं। इसे सूचना के आदान-प्रदान का जरिया बनाएं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले चौकीदारों को प्रोत्साहित किया जाए।

11 उत्कृष्ट ग्राम प्रहरी सम्मानित, साफा के साथ मिला फोन
मुख्यमंत्री योगी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को मंच पर साफा पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें एक-एक गिफ्ट पैक दिया गया, जिसमें फोन भी था। इनमें बरेली के फरीदपुर से राजवीर सिंह, सिरौली से कुंवरपाल सिंह, बहेड़ी से राम राठौर, पीलीभीत के सुनगढ़ी से राजेंद्र वाल्मीकि, शाहजहांपुर के पुवायां से कमलेश, मुरादाबाद के कांठ से कमलेश सिंह सैनी, बिजनौर शहर कोतवाली से राजेश सैनी, संभल के हजरतनगर गढ़ी से अनिल वाल्मीकि, रामपुर के टांडा से ध्यान सिंह चौहान, शाहबाद से प्रकाश और अमरोहा के नौगावां सादात से तेजपाल प्रजापति शामिल रहे। समारोह में ग्राम प्रहरियों के योगदान पर बनी लघु फिल्म भी दिखाई गई।

सीएम बोले- आप टाल सकते हैं अनहोनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौकीदारों का काम केवल अपराध की सूचना देना ही नहीं है। वह सोशल मीडिया से फैल रही अफवाहों के बारे में भी लोगों को जागरूक कर सकते हैं। उन्होंने पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बिजनौर में वन्यजीवों के हमलों का जिक्र किया। बहराइच में लकड़बग्घों व बिजनौर में 40 से अधिक तेंदुओं को रेस्क्यू करने की बात कही। चौकीदारों से कहा कि समय पर मिली आपकी सूचना अनहोनी को रोक सकती है।

Related Articles

Back to top button