खेल

IPL 2026 Purple Cap: केकेआर की स्पिन तिकड़ी पर अकेले भारी पड़े नूर

एक ओर सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और अनुकूल राय की स्पिन तिकड़ी तो दूसरी ओर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के अफगानी स्पिनर नूर अहमद। चेन्नई के चेपक स्टेडियम की पिच जहां गेंद कुछ रुककर आ रही थी और बल्लेबाजों को शाट खेलने में परेशानी हो रही थी, वहां केकेआर की स्पिन तिकड़ी केवल दो विकेट ले पाई तो उसी पिच पर नूर ने अपने चार ओवर में केवल 18 रन खर्च करते हुए तीन बल्लेबाजों को आउट किया।

Noor Ahmad बने CSK के रियल हीरो 

नूर ने केकेआर के कप्तान अंजिक्य रहाणे (28), कैमरन ग्रीन (00) और रिंकू सिंह (06) को आउट कर मैच को सीएसके के पक्ष में झुका दिया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता को 193 रन का लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में रहाणे की कप्तानी वाली टीम 160 रन ही बना सकी। सीएसके ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, वहीं कोलकाता की यह चौथी हार है। इसके साथ ही 2026 सत्र में कोलकाता का पहली जीत का इंतजार और बढ़ गया।

नूर ने कोलकाता नाइटराइडर्स को किया ‘बेनूर’

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने इस बार रणनीति में बदलाव करते हुए फिन एलन के साथ सुनील नारायण से ओपनिंग कराई, लेकिन उसका यह दांव भी नहीं चला। फिन और नारायण टीम को तेज शुरुआत नहीं दिला सके और पावरप्ले में ही लौट गई। इसके बाद रहाणे और अंगकृष रघुवंशी के बीच 50 रन की साझेदार हुई, लेकिन अकील हुसैन ने 10वें ओवर में रघुवंशी को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया।

इसके बाद सीएसके के कप्तान रुतुराज ने नूर को गेंद सौंपी और उन्होंने अपने पहले ही ओवर की अंतिम दो गेंद पर रहाणे और ग्रीन को आउट कर मैच का रुख पलट दिया। पहले उन्होंने रहाणे को एक्स्ट्रा कवर पर खड़े रुतुराज के हाथों कैच कराया। रहाणे आइपीएल में नूर का 50वां शिकार बने।

अगली गेंद पर नूर ने आइपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी ग्रीन को बोल्ड किया। अपना दूसरे ओवर में नूर ने पहली चार गेंद पर रिंकू को कोई रन नहीं दिया और इससे बने दबाव में रिंकू बड़ा शाट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। यहीं से मैच केकेआर के हाथ से निकल गया।

संजू-ब्रेविस ने संभाली पारी

वहीं, चेन्नई की शुरुआत काफी तेज रही और संजू सैमसन व युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को छह ओवर में ही 72 रन तक पहुंचा दिया था। म्हात्रे ने 17 गेंदों में 38 रन बनाते हुए लगातार दो छक्के जड़े और एक शानदार ‘नटराज शाट’ खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

वहीं सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन की पारी खेलकर पारी को संभाले रखा। हालांकि, पावरप्ले के बाद मैच पूरी तरह बदल गया। नारायण, अनुकूल और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर चेन्नई के रन रेट पर ब्रेक लगा दिया। तीनों स्पिनरों ने मिलकर 10 ओवर में सिर्फ 68 रन दिए। चेन्नई की टीम पावरप्ले के बाद के 14 ओवरों में सिर्फ 120 रन ही जोड़ सकी। मध्यध्यक्रम में डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 41 रन बनाकर कुछ अच्छे शाट्स लगाए और अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई।

वहीं सरफराज खान ने 23 रन की पारी खेलते हुए चतुर बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन वे टीम को बड़े स्कोर तक नहीं ले जा सके। अंत के ओवरों में तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 140 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को परेशान किया और चार ओवर में 35 रन देकर दो विकेट झटके।

फिर खामोश रहा कप्तान ऋतुराज का बल्ला

सीएसके के लिए उसके कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का रन नहीं बनाना अब बड़ी चिंता बन चुका है। एक बार फिर रुतुराज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। इस सीजन में अब तक पांच मैचों में वह दो बार ही दहाई के आंकड़े में पहुंच सके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के विरुद्ध भी वह संघर्ष करते दिखे और केवल सात रन बनाकर आउट हुए।

IPL 2026 Purple Cap List

आईपीएल 2026 के 22 मैच खेले जा चुके है और पर्पल कैप की बात करें तो गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा के सिर पर्पल कैप सजी हुई हैं। प्रसिद्ध ने 4 मैच खेलते हुए अब तक 10 विकेट ले लिए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सीएसके के अंशुल कंबोज है, जिन्होंने भी 10 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकोनमी रेट 10.12 का रहा, जबति प्रसिद्ध बेहतर इकोनमी रेट की वजह से नंबर-1 पर है। वहीं, सीएसके के नूर अहमद ने 4 मैच खेलते हुए 5 विकेट लिए हैं और वो 29वें पायदान पर विराजमान है।

अगर बात करें ऑरेंज कैप की तो वो मौजूदा समय में सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन के पास है, जिन्होंने 5 मैच में कुल 224 रन बनाए हैं। ऑरेंज कैप की लिस्ट में दूसरे स्थान पर ईशान किशन है, जिन्होंने 213 रन बना लिए हैं। वैभव सूर्यवंशी तीसरे पायदान पर 200 रन के साथ मौजूद है।

Related Articles

Back to top button