जीवनशैली

सुबह के समय दिखाई दें ये 5 लक्षण, तो तुरंत करवा लें शुगर लेवल चेक

डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जो तेजी से अपने पैर पसार रही है। अब ये सिर्फ बुजुर्गों की समस्या नहीं रही है, बल्कि युवा भी इससे पीड़ित हैं। हालांकि, इस बीमारी से पहले वाली स्टेज पर इसकी पहचान कर ली जाए, तो डायबिटीज होने से रोका जा सकता है। इस स्टेज को प्रीडायबिटीज कहा जाता है।

दरअसल, इस दौरान शुगर लेवल हाई होता है, लेकिन इतना नहीं कि इसे डायबिटीज का नाम दिया जाए। इसलिए यह एक चेतावनी है कि अगर सावधान नहीं हुए, तो डायबिटीज हो सकता है। अच्छी बात यह है कि इस स्टेज पर जीवनशैली में बदलाव करके इससे पूरी तरह बचा जा सकता है। इसके कुछ लक्षण सुबह के समय दिखाई देते हैं, जिनकी मदद से इसका जल्दी पता लगाया जा सकता है। आइए जानें कैसे होते हैं प्रीडायबिटीज के लक्षण।

सुबह उठते ही बहुत थकान और सुस्ती महसूस होना

अगर रात भर पूरी नींद लेने के बाद भी आप सुबह उठकर खुद को थका हुआ महसूस करते हैं, तो यह चिंता का विषय हो सकता है। प्रीडायबिटीज की स्थिति में शरीर के सेल्स इंसुलिन का ठीक से इस्तेमाल नहीं कर पाते, जिसके कारण ग्लूकोज एनर्जी में बदल नहीं हो पाता। इसकी वजह से, शरीर और दिमाग को कम एनर्जी मिलती है, जिससे दिन की शुरुआत ही थकान के साथ होती है।

मुंह का सूखापन और बार-बार प्यास लगना

सुबह उठते ही अगर आपको तेज प्यास लगती है और मुंह सूखा हुआ महसूस होता है, तो यह प्रीडायबिटीज का एक मुख्य लक्षण है। खून में शुगर की मात्रा बढ़ने पर शरीर उसे पतला करने और किडनी के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है। इस प्रोसेस के लिए शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत होती है, जिसके कारण डिहाइड्रेशन हो सकता है और बार-बार प्यास लगती है।

धुंधला दिखाई देना

क्या आपको सुबह उठकर अखबार पढ़ने या मोबाइल देखने में दिक्कत होती है या नजर धुंधली हो जाती है? अगर हां, तो यह प्रीडायबिटीज का एक सामान्य लक्षण है। ब्लड में ग्लूकोज का स्तर बढ़ने से आंखों के लेंस में सूजन आ सकती है, जिससे उसकी आकार बदल जाता है और फोकस करने की क्षमता प्रभावित होती है। अच्छी खबर यह है कि ब्लड शुगर नियंत्रित होने पर यह समस्या आमतौर पर ठीक हो जाती है।

सुबह-सुबह चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना

रात भर फास्टिंग के बाद सुबह के समय ब्लड शुगर का स्तर कम हो सकता है, लेकिन प्रीडायबिटीज में यह उतार-चढ़ाव ज्यादा होता है। कभी-कभी शुगर लेवल अचानक गिर भी सकता है, जिसके कारण चक्कर आना, कंपकंपी, पसीना आना या कमजोरी महसूस हो सकती है। यह शरीर के ग्लूकोज को मैनेज न कर पाने का संकेत है।

बार-बार और ज्यादा पेशाब आना

अगर आपको रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है और यही सिलसिला सुबह भी जारी रहता है, तो इस पर ध्यान दें। एक्स्ट्रा शुगर को शरीर से बाहर निकालने के लिए किडनी ज्यादा मेहनत करती है, जिससे यूरिन प्रोडक्शन बढ़ जाता है। यह प्रीडायबिटीज का एक क्लासिक लक्षण माना जाता है।

आगे क्या करें?

इनमें से कोई भी लक्षण नजर आने पर घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क हो जाएं। सबसे पहले एक डॉक्टर से मिलकर अपना फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट करवाएं और डॉक्टर लाइफस्टाइल में जो भी बदलाव बताए, उन्हें फॉलो करें।

Related Articles

Back to top button