खेल

MS Dhoni ने एनएसजी कमांडो के साथ की ट्रेनिंग; CSK फैंस को थाला की वापसी का बेसब्री से इंतजार

एमएस धोनी ने हाल ही में चेन्‍नई में नेशनल सिक्‍योरिटी गार्ड (एनएसजी) के रीजनल हब की यात्रा की और वहां शूटिंग की ट्रेनिंग की। पिंडली में चोट के कारण आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेल सके धोनी की वापसी का फैंस को बेसब्री से इंतजार है।

माना जा रहा है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एमएस धोनी एक्‍शन में नजर आ सकते हैं, जो चेपॉक स्‍टेडियम पर उनका आखिरी आईपीएल मैच हो सकता है। बता दें कि धोनी ने एनएसजी कमांडोज के साथ समय गुजारा और उनसे बातचीत करने के बाद शूटिंग की ट्रेनिंग की। पता हो कि धोनी को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद रैंक हासिल है।

एमएस धोनी काले रंग की टी-शर्ट और डेनिम पहने रीजनल हब पहुंचे, जहां उन्‍होंने कमांडोज से बातचीत की। इस दौरान उन्‍होंने पूछा- फिट लग रहा हूं ना। धोनी की बात सुनकर वहां मौजूद सभी के चेहरे खिलखिला उठे। धोनी ने साथ ही कहा कि उम्र बढ़ने के साथ ट्रेनिंग में मेहनत बढ़ जाती है।

प्‍लेऑफ के लिए जीत जरूरी

बता दें कि चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स सोमवार को अपने होमग्राउंड चेपॉक स्‍टेडियम पर सीजन का अपना आखिरी मैच खेलेगी। यह मुकाबला येलो ब्रिगेड के लिए अहम है क्‍योंकि प्‍लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे जीतना जरूरी है। रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्‍व वाली चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स अगर एसआरएच को मात देने में कामयाब रही तो प्‍लेऑफ की रेस में बनी रहेगी।

धोनी की वापसी का इंतजार

वैसे, इस बात की पुख्‍ता जानकारी नहीं मिल सकी है कि एमएस धोनी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलेंगे या नहीं। मगर यह तय है कि मैच के दौरान वह चेपॉक स्‍टेडियम पर मौजूद रहेंगे। अगर एमएस धोनी मैच नहीं भी खेलते हैं तो फैंस के पास मौका होगा कि अपने थाला की झलक प्राप्‍त कर सके।

फैंस को मिले निर्देश

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने फैंस को निर्देश दिए हैं कि मैच के बाद स्‍टेडियम में रुके क्‍योंकि टीम पूरे मैदान का चक्‍कर लगाएगी। इस दौरान सीएसके के खिलाड़ी अपने फैंस का शुक्रिया अदा करेंगे और गुडीज भी बाटेंगे। वैसे, फैंस चाहेंगे कि एमएस धोनी मैच खेलें ताकि खुशी से आईपीएल से विदाई ले सकें।

Related Articles

Back to top button