Netflix पर दस्तक देने जा रही एलन की डेब्यू फिल्म Pyaar Prema Kalyanam

ओटीटी अब मनोरंजन का एक बड़ा अड्डा बन गया है और वह भी सिर्फ इसलिए नहीं कि यहां पुरानी फिल्में, नए शोज और थिएटर्स के बाद स्ट्रीम होने वाली फिल्में मिल जाती हैं। बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स अपने ओरिजिनल कंटेंट के साथ भी दर्शकों को अनलिमिटेड कंटेंट परोस रहे हैं।
अब हाल ही में नेटफ्लिक्स (Netflix) एक ओरिजिनल फिल्म लेकर आ रहा है। जिसकी रिलीज डेट प्लेटफॉर्म ने हाल ही में अनाउंस कर दी है। ‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ (Pyaar Prema Kalyanam) जल्द ही ओटीटी पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए हाजिर होगी।
डायरेक्टर एलन का करने जा रहे डेब्यू
फिल्म में डायरेक्टर एलन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जो लीड एक्टर के तौर पर उनकी पहली फिल्म होगी। यह रोमांटिक कॉमेडी फिल्म डिजिटल रिलीज के लिए तैयार है।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ कहानी है पावी की, जो एक पॉपुलर इन्फ्लुएंसर है और शादी के बाद अपना पारिवारिक घर छोड़ने से मना कर देती है। इसके बजाय, उसका पति एलन उसके साथ रहने लगता है, जिससे कल्चर के टकराव, परिवार में उथल-पुथल, बदलती उम्मीदों और खुद को समझने के सफर का एक मजेदार सिलसिला शुरू होता है।
जैसे-जैसे ये नया कपल अपने इस अनोखे तरीके से जिंदगी जीता हैं, उन्हें जल्द ही एहसास होता है कि शायद सबसे बड़ी परंपरा जिसे चुनौती दी जानी चाहिए, वह यह सोच है कि कोई और तय करे कि उनकी ‘हैप्पिली एवर आफ्टर’ (खुशहाल जिंदगी) कैसी होगी।
फिल्म के बारे में बात करते हुए प्रोड्यूसर श्रीनिधि सागर ने कहा, ‘मेड इन कोरिया’ को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद – जिसने साबित किया कि असली तमिल कहानियां दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आ सकती हैं – हम वैसी ही यूनिवर्सल अपील वाली एक और कहानी की तलाश में थे। जिस पल हमने यह कहानी सुनी, हमें पता चल गया कि इसमें दिल को छू लेने वाले जज्बात, ह्यूमर और लोगों से जुड़ाव का बेहतरीन मेल है’।
कब और कहां देखें ‘प्यार प्रेमा कल्याणम’?
‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ का प्रीमियर सीधे नेटफ्लिक्स पर 21 अगस्त, 2026 को होगा। इसकी आधिकारिक घोषणा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के सोशल मीडिया हैंडल के जरिए की गई थी।
‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ की कास्ट और क्रू
‘प्यार प्रेमा कल्याणम’ में एलन और सान्वी मेघाना मुख्य भूमिकाओं में हैं, वहीं राधिका सरथकुमार, योगी बाबू, एमएस भास्कर, गीता कैलासम, इलांगो कुमारवेल, सेंथिल और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।




