Netflix पर रणवीर सिंह की Dhurandhar ने रचा इतिहास

बॉक्स-ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता के बाद, एक्टर रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) स्ट्रीमिंग पर भी दुनिया भर में बड़ी हिट साबित हुई है और इस साल की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आर. माधवन (R Madhavan), अर्जुन रामपाल (Arjun Rampal), सारा अर्जुन, राकेश बेदी और संजय दत्त (Sanjay Dutt) जैसे कलाकार भी शामिल थे।
धुरंधर के नाम हुआ ये बड़ा अचीवमेंट
हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में, नेटफ्लिक्स (Netflix) के को-CEO टेड सारंडोस ने इस बात पर जोर दिया कि बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर कई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद, यह फिल्म सिनेमाघरों से आगे भी लोगों तक बड़े पैमाने पर पहुंची है।
उन्होंने कहा, ‘धुरंधर इस साल दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म थी। यह दूसरी सभी नॉन-इंग्लिश फिल्मों से बड़ी थी और देखे जाने के मामले में सिर्फ US और UK से पीछे थी’।
क्या कोरियन कंटेंट को भी छोड़ा पीछे?
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय फिल्मों और शो ने दक्षिण कोरिया के ‘स्क्विड गेम’ या स्पेन के ‘मनी हाइस्ट’ जैसा ग्लोबल कल्चरल असर डाला है, तो सारंडोस ने कहा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि भारत में ऐसा बड़ा हिट कब आएगा, लेकिन देश पहले से ही लगातार ग्लोबल लेवल पर सफल कंटेंट बना रहा है और ऐसे पल हमेशा आते रहते हैं।
भारतीय सिनेमा का नेटफ्लिक्स पर दबदबा
सारंडोस ने बताया कि 2024 से हर हफ्ते नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 लिस्ट में कोई न कोई भारतीय फिल्म या सीरीज शामिल रही है। उन्होंने कंटेंट को लोगों तक पहुंचाने में प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम की भूमिका को अहम बताया और कहा कि इस साल भारतीय टाइटल्स को दुनिया भर में 3.5 अरब घंटे देखा जा चुका है।
‘धुरंधर’ का पहला भाग दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था और बाद में मार्च 2026 में इसके दूसरे भाग की रिलीज से पहले यह नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुआ।




