NZ W vs SA W 3rd T20I: Sophie Devine की तूफानी फिफ्टी

सोफी डिवाइन (Sophie Devine) की तूफानी फिफ्टी और कमाल की गेंदबाजी के चलते शुक्रवार को न्यूजीलैंड विमंस टीम ने साउथ अफ्रीका विमंस टीम को तीसरे टी20 मुकाबले में 6 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड टीम ने 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। सोफी डिवाइन को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
साउथ अफ्रीका ने बनाए 149 रन
साउथ अफ्रीका विमंस टीम की कप्तान लौरा वोल्वाड्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। लौरा के 39 गेंदों पर 37 रन और के 20 गेंदों पर नाबाद 34 रनों की पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 149 रन बनाए। एनेरी डेर्कसेन ने भी 27 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 3 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वहीं सूजी बेट्स भी किफायती रहीं। उन्होंने 2 ओवर में 5 की इकोनॉमी से 10 रन दिए और 2 विकेट प्राप्त किए।
19वें ओवर में जीत लिया मैच
150 रनों के टारगेट को न्यूजीलैंड की महिला टीम ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर ही चेज कर लिया। टीम की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में जॉर्जिया प्लिमर (4) कैच आउट हो गईं। इसाबेला गाजे 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान अमेलिया केर और सोफी के बीच तीसरे विकेट के लिए 30 रनों की पार्टनरशिप हुई।
सोफी ने लगाया अर्धशतक
10वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान केर LBW आउट हुईं। उन्होंने 4 चौकों की बदौलत 28 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली। ब्रुक हालिडे 2 के स्कोर पर रन आउट हुईं। गेंदबाजी में कमाल करने वाली सोफी ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 38 गेंदों पर 55* रन बनाए। वहीं मैडी ग्रीन 25 गेंदों पर 34 रन बनाकर नाबाद रहीं। सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला 22 मार्च को खेला जाएगा।




