PM बर्नहम के बयान के बाद फ्रांस और स्पेन ने कहा- वेलकम बैक

ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने ब्रिटेन के फिर से यूरोपीय संघ (ईयू) में शामिल होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा है कि हम ईयू के साथ संबंध बढ़ाने के कई विकल्पों पर विचार कर रहे हैं उनमें से यह भी एक विकल्प है। ज्यादा नुकसान से बचने के लिए यह बेहतर विकल्प हो सकता है। बर्नहम ने यह बात सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के वार्षिक सम्मेलन में कही है।
बर्नहम 2016 में हुए जनमत संग्रह के दौरान भी ईयू में बने रहने के पक्ष में थे। बर्नहम का यह बयान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने ब्रिटेन की ईयू में वापसी की चर्चा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे बहुत अच्छी खबर बताया है।
ब्रिटेन को फ्रांस और स्पेन का मिला समर्थन
मैक्रों और स्पेन के प्रधानमंत्री पैड्रो सांचेज ने ब्रिटेन के ईयू में वापसी पर विचार को स्वागतयोग्य बताया है। बर्नहम ने कहा कि जिन उद्देश्यों को लेकर ईयू से बाहर आने का निर्णय लिया गया था वे बीते 10 वर्षों में पूरे नहीं हुए हैं। इसलिए हमें एक बार फिर से विचार करने की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि ईयू 27 यूरोपीय देशों का संघ है जो मुद्रा समेत कई मसलों पर समान नीतियां अपनाता है। एक अन्य कार्यक्रम में बर्नहम ने कहा कि फेयरफोर्ड वायुसेना अड्डे के नजदीक विस्फोटक के साथ गिरफ्तार हुए पांच लोगों के तार ईरान से जुड़ते नजर आ रहे हैं। कहा, मामले की जांच जारी है। जल्द ही नए तथ्य सामने आएंगे।
विदित हो कि ईरान पर हमलों के लिए अमेरिकी वायुसेना द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे इस ब्रिटिश वायुसेना अड्डे के नजदीक हमले की नीयत से जा रहे पांच लोगों को इसी सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। आतंकी वारदात की नीयत से जा रहे इन लोगों को अगले दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया था।





