पंजाबराज्य

पंजाब में किसान ने की आत्महत्या, मिल रही थी धमकियां

पंजाब में किसान के आत्महत्या का नया मामला सामने आया है। अबोहर में एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। किसान को कुछ लोग धमकियां दे रहे थे। मृतक कुलवंत सिंह भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) सिद्धपुर का सदस्य था।

अबोहर के गांव जोधपुर में एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 65 वर्षीय कुलवंत सिंह के तौर पर हुई है। कुलवंत सिंह भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) सिद्धपुर का सदस्य था। मृतक किसान के परिवार का आरोप है कि कुलवंत सिंह को कुछ लोगों से धमकियां मिल रही थीं। मृतक के बेटे ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। 

पुलिस को दी शिकायत में मृतक कुलवंत सिंह के बेटे बलविंदर सिंह ने बताया कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा किया है। उनकी छह कनाल जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। आरोपियों ने ट्रैक्टर से जमीन जोतकर जबरन कब्जा कर लिया। जब पिता ने विरोध किया तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकियां देने लगे। इससे आहत होकर पिता ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार वाले कुलवंत सिंह को बठिंडा के आदेश अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के बेटे के बयानों पर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसान कुलवंत सिंह की मौत की सूचना मिलने के बाद भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) सिद्धपुर के जिला प्रधान प्रगट सिंह, अबोहर प्रधान जगजीत सिंह थाना सदर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक कुलवंत सिंह उनकी यूनियन का सक्रिय सदस्य था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मृतक के बेटे ने गांव के जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दी है, पुलिस उन्हें तुरंत गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। 

Related Articles

Back to top button