अध्यात्म

गोवर्धन पूजा में 56 भोग के पीछे छिपी है श्रीकृष्ण की अद्भुत लीला

आज यानी 10 नवंबर को देशभर में गोवर्धन पूजा (Govardhan Puja 2026) का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस दौरान कान्हा को प्रसन्न करने के लिए तरह-तरह के पकवानों से सजा छप्पन भोग अर्पित करने की भी विशेष परंपरा है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन साधना करने और 56 भोग लगाने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है और पूजा का पूर्ण फल प्राप्त होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग क्यों लगाए जाते हैं? अगर नहीं, तो आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं इसके पीछे की वजह।

56 भोग का क्या है रहस्य?
दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन पूजा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग लगाने की खास परंपरा है। इससे जुड़ी कथा का वर्णन श्रीमद्भागवत पुराण और विष्णु पुराण में मिलता है।

पौराणिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में एक समय ऐसा आया जब ब्रजवासियों ने भगवान श्रीकृष्ण के कहने पर इंद्रदेव की पूजा न करके गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे इंद्रदेव क्रोधित हो गए और उन्होंने पूरे ब्रज में मूसलाधार बारिश कर दी। इससे ब्रजवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण ने पूरे ब्रजमंडल और पशु-पक्षियों की रक्षा के लिए अपनी सबसे छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत को लगातार सात दिनों तक उठाए रखा। इसके बाद जब बारिश रुक गई, तो सभी ब्रजवासी अपने-अपने घरों से भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के लिए विशेष पकवान लाए। तभी से भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग लगाने की परंपरा शुरू हुई।

56 भोग का धार्मिक महत्व
56 भोग भगवान के प्रति भक्त के पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि प्रकृति से हमें जो कुछ भी प्राप्त हुआ है, वह ईश्वर का ही है और हम कृतज्ञता के साथ उसे प्रभु को वापस अर्पित कर रहे हैं।

यह परंपरा याद दिलाती है कि देवराज इंद्र जैसे शक्तिशाली देवता का अहंकार भी भगवान के सामने टूट गया था। 56 भोग चढ़ाकर भक्त अपने भीतर के अहंकार को त्यागकर प्रभु की शरण में जाते हैं।

Related Articles

Back to top button