उत्तरप्रदेशराज्य

यूपी: उद्यमियों की राह होगी आसान, निवेश मित्र हेल्प डेस्क शुरू

ताजनगरी समेत पूरे प्रदेश में व्यापार की सुगमता बढ़ाने और नए निवेश को आकर्षित करने के लिए निवेश मित्र हेल्प डेस्क शुरू हो गई है। जहां उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण होगा। स्टांप शुल्क, एसजीएसटी में छूट से आवेदन और तकनीकी बाधाएं दूर करने में हेल्प डेस्क से उद्यमियों को मदद मिलेगी।

प्रदेश सरकार की औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति के तहत स्थानीय उद्यमियों को स्टांप ड्यूटी में छूट, पूंजी निवेश सब्सिडी और राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) प्रतिपूर्ति जैसी कई रियायतें दी गई हैं। उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त अनुज कुमार के अनुसार निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन, तकनीकी समस्याओं के समाधान और आवेदन की अद्यतन स्थिति जानने के लिए उद्यमी हेल्पलाइन नंबर 0522-6923000 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य निवेश मित्र पोर्टल के उपयोग को सरल बनाना और फाइल ट्रैकिंग प्रक्रिया में आने वाली प्रशासनिक रुकावटों को दूर करना है। इस प्रोत्साहन नीति से आगरा के जूता, हस्तशिल्प व अन्य विनिर्माण उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली अतिरिक्त आर्थिक मदद से शहर में स्थापित पुरानी औद्योगिक इकाइयों के विस्तार और नई विनिर्माण इकाइयों की स्थापना को गति मिलेगी जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Related Articles

Back to top button