सुनील गावस्कर ने भारत की प्लेइंग-11 पर उठाए सवाल, बताया टीम इंडिया से कहां हुई गलती

भारत और न्यूजीलैंड की टीम क्राइस्टचर्च में दूसरे टेस्ट मैच में आमने-सामने है. दूसरे टेस्ट की प्लेइंग-11 में भारत के लिए गुरनूर बराड़ ने डेब्यू किया। बराड़ को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। हालांकि मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा की एक बार फिर अनदेखी हुई। भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं।
सुनील गावस्कर का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में रविंद्र जडेजा को टीम से बाहर रखकर भारत ने बहुत बड़ी गलती की। उन्होंने कहा कि भारतीय ऑलराउंडर की स्पिन गेंदबाजी मैच के अंतिम दो दिनों में महत्वपूर्ण साबित हो सकती थी। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। हालांकि, गावस्कर का मानना है कि जडेजा को बाहर रखने के मामले पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए।
चौथे और पांचवें दिन असरदार होते रविंद्र जडेजा: गावस्कर
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बात करते हुए, गावस्कर ने कहा कि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकिल में जडेजा भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं। भारत के बाएं हाथ का स्पिनर टेस्ट के चौथे और पांचवें दिन काफी असरदार साबित हो सकता था। गावस्कर ने कहा, हम सिर्फ सिराज की बात कर रहे हैं, लेकिन जडेजा का क्या? इस WTC साइकिल में वह भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह ऐसी पिचों पर भी गेंद को ग्रिप करने और टर्न कराने के लिए जाने जाते हैं, जहां से ज्यादा मदद नहीं मिलती। इसलिए, यह उनके और मोहम्मद सिराज, दोनों के लिए ही बदकिस्मती की बात है।
सुनील गावस्कर ने हालांकि इसके बावजूद टीम इंडिया का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्लेइंग-11 को लेकर जो भी राय हो, मगर अगर एक बार टीम चुन ली गई है तो वह आपकी और मेरी टीम है, हमें टीम का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आख़िरकार, यह भारतीय टीम है। इसलिए, मैं इस टीम का समर्थन कर रहा हूं और उम्मीद है कि यह टीम अच्छा प्रदर्शन करे।
पहले दिन न्यूजीलैंड का स्कोर- 246/5
न्यूजीलैंड की टीम ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन शुरुआती झटके से उबरते हुए टॉम ब्लंडल और ग्लेन फिलिप्स की पारी से वापसी की। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन बनाए हैं। टॉम ब्लंडल 53 रन और ग्लेन फिलिप्स 36 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली। भारत के लिए आकाश दीप ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।




