अन्तर्राष्ट्रीय

नाटो से यूक्रेन को दूर रखने पर ट्रंप-रूस की बनती बात

रूस ने कहा है कि ट्रंप प्रशासन द्वारा यूक्रेन के लिए नाटो की सदस्यता की संभावना को खारिज करने से उसे संतोष मिला है। लेकिन रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की है जिसमें कहा गया है कि यूक्रेन युद्ध के सिलसिले में इसी सप्ताह शांति समझौता हो सकता है।

ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि वह अपनी पहचान शांति दूत के रूप में बनाना चाहते हैं। इसीलिए वह यूक्रेन में तीन वर्ष से चल रहे खूनखराबे को रुकवाना चाहते हैं, इससे अमेरिका और रूस के बीच चल रहे छद्म युद्ध पर भी रोक लगेगी। रविवार को अमेरिकी दूत जनरल कीथ केलोग ने कहा कि नाटो गठबंधन में यूक्रेन को सदस्य बनाने का कोई प्रस्ताव विचारणीय नहीं है। इस बारे में ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि इस तरह के प्रस्ताव को अमेरिका का समर्थन बड़े युद्ध का कारण बन सकता है।

नाटो पर रूस की राय और हमला

गौरतलब है कि नाटो अमेरिका के नेतृत्व वाला सैन्य संगठन है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि हम अमेरिकी प्रशासन के कई स्तरों से सुन चुके हैं कि यूक्रेन को नाटो का सदस्य बनाने वाले प्रस्ताव पर विचार नहीं हो रहा है। यह हमारे लिए संतोष की बात है और महत्वपूर्ण है।

मालूम है कि 2022 में यूक्रेन को नाटो में शामिल किए जाने की तेज हुई चर्चा के बाद ही फरवरी में रूस ने उस पर हमला किया था और तभी से यह युद्ध जारी है। तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, उनके यूरोपीय और अन्य सहयोगियों ने इसे यूक्रेनी संप्रभुता पर हमला करार देते हुए यूक्रेन का पूरा साथ दिया लेकिन यूक्रेन की 20 प्रतिशत जमीन पर कब्जा करने से रूस को नहीं रोक पाए।

पुतिन की शर्तें और रूसी मुद्रा में तेजी

यूक्रेन के साथ युद्ध को समाप्त करने के विषय में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पूर्व में स्पष्ट कर चुके हैं कि यूक्रेन को नाटो से दूर रखा जाए और तीन वर्षों में हाथ आई यूक्रेनी भूमि पर रूस का अधिकार माना जाए। सूत्रों के अनुसार ट्रंप प्रशासन ने रूस की दोनों शर्तों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उसी के बाद ट्रंप का इसी सप्ताह शांति समझौता होने का बयान आया है।

यूक्रेन युद्ध खत्म होने की संभावना से रूसी मुद्रा रूबल का मूल्य लगातार बढ़ रहा है। जनवरी से डालर की तुलना में उसमें 40 प्रतिशत की रिकार्ड बढ़ोतरी हुई है।

Related Articles

Back to top button