
झारखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। 25 और 26 अक्टूबर को गोड्डा, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, साहिबगंज, जामताड़ा सहित कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में तेज हवाओं और बिजली चमकने की भी संभावना है। वहीं, बाकी जिलों में मौसम सुहावना और शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से इस दौरान सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम में बदलाव के साथ लोगों को स्वास्थय संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। कुछ ही दिनों में जबरदस्त ठंड दस्तक देने वाली है। लोगों को ऊनी कपड़े निकालने होंगे और सुबह और रात खासतौर पर ठंड का एहसास होगा।
प्रदेश में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के प्रभाव से तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक महसूस होगी।