झारखंडराज्य

धनबाद नगर निगम चुनाव: वार्ड संख्या-22 में बूथ लूटने के दाैरान भारी हंगामा

धनबाद नगर निगम चुनाव के दौरान पूरे क्षेत्र से झड़प की खबरें आ रही हैं। जगह-जगह मेयर प्रत्याशी और वार्ड प्रत्याशी के समर्थक आपस में टकरा रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तरह अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती नहीं होने के कारण हिंसा और बूथ लूटने की मंशा रखने वालों में डर नहीं देखा जा रहा है।

धनबाद के वार्ड संख्या-22 के बूथ संख्या 13 और 14 पर भारी हंगामा हुआ। यहां प्रत्याशी शिल्पी सिंह के भाई राज आनंद समर्थकों के साथ पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे बूथ लूटने की कोशिश कर रहे थे। नाराज मतदाताओं ने राज आनंद को खदेड़ दिया और मारपीट की।

राज आनंद जान बचाने के लिए गाड़ी छोड़कर पैदल ही भागे। लोगों ने गाड़ी का शीशा फोड़ दिया। इस दौरान जिला पुलिस मूकदर्शक बनी रही। घटना के बाद पुलिस राज आनंद की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

धनबाद नगर निगम में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है। हालांकि वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 06, 110, 111 और 112 में हंगामा हुआ। यहां वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी समर्थकों के बीच झड़प हो गई।

झड़प और हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के समर्थकों को बूथों से हटा दिया। पुलिस ने तत्काल मामले को शांत कराया। इधर पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह का कहना है कि प्रत्याशी पिंकी देवी बीएलओ भी हैं और यहां मतदाताओं को रिझाने का काम कर रही हैं।

उनके मित्र रमेश कुमार सिंह को कालर पड़कर प्रमोद कुमार यादव ने बाहर कर दिया। प्रत्याशी पिंकी देवी, प्रमोद कुमार यादव की रिश्तेदार हैं। संजय कुमार सिंह का कहना है किवे लोग सड़क के बाहर थे और उन्होंने जबरन हमला कर दिया।

इस पर प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि संजय कुमार सिंह बिहार से घुसपैठिया लाकर यहां मतदान करवा रहे थे, इसीलिए रोका गया। प्रमोद यादव पिंकी देवी के अभिकर्ता के तौर पर यहां कार्यरत हैं। हाथापाई के बाद पुलिस पहुंची और सबको तितर बितर कर दिया।

Related Articles

Back to top button