पंजाबराज्य

फिरोजपुर फीडर कैनाल का उद्घाटन: सीएम बोले- अब पाकिस्तान के कसूर की चमड़ा फैक्टरी का गंदा पानी नहीं आएगा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि फिरोजपुर फीडर कैनाल के नवीनीकरण से पाकिस्तान के कसूर की चमड़ा फैक्टरी का गंदा पानी हुसैनीवाला हैड व फाजिल्का की तरफ से भारत में घुसना बंद हो जाएगा। साथ ही फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर व फरीदकोट के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री मक्खू में फिरोजपुर फीडर कैनाल का उद्घाटन करने पहुंचे थे।

मान ने कहा कि 74 साल बाद उक्त कैनाल का नवीनीकरण हुआ है। इससे पूर्व अकाली दल और कांग्रेस ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया था। इसके नवीनीकरण से उक्त कैनाल में लगभग 27 फीसदी पानी बढ़ेगा। उक्त कैनाल में पानी क्षमता बढ़ने से लुथर प्वाइंट की तरफ से उल्टी नहर चला दी गई है। ऐसा करने से पाकिस्तान के कसूर की चमड़ा फैक्टरी का गंदा पानी भारत में प्रवेश नहीं करेगा। कसूर का गंदा पानी आने से फाजिल्का व फिरोजपुर के सीमावर्ती गांवों में लगे हैंडपंपों से काला पानी आता था जिससे लोग परेशान थे।

मान ने कहा कि पहले किसान सिर्फ 22 फीसदी नहरी पानी से खेती करते थे लेकिन अब 78 फीसदी नहरी पानी से खेती कर रहे हैं। उनका लक्ष्य 84 फीसदी तक पहुंचाना है। मान ने कहा कि बाढ़ से कमजोर हुए बांधों की मरम्मत की जा रही है। अब कंटीली तार को और आगे ले जाएंगे। इससे पंजाब के किसानों की हजारों एकड़ जमीन खेती के लिए मिल जाएगी। पठानकोट की तरफ तीन सौ मीटर जमीन छोड़ कर सरहद पर कंटीली तार लगाकर ट्रायल किया जा चुका है, जो सफल हो गया है।

Related Articles

Back to top button