जीवनशैली

डायबिटीज के मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण

डायबिटीज के कारण पैरों में होने वाले ऐसे घाव, जो लंबे समय तक इलाज के बाद भी नहीं भरते, अब जल्द ठीक हो सकते हैं। विज्ञानियों ने इंसानी प्लेसेंटा (अपरा) से प्राप्त स्टेम सेल की मदद से इन घावों का इलाज करने में सफलता हासिल की है। पहली बार इंसानों पर किए गए एक छोटे परीक्षण में इस थेरेपी के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।

अध्ययन में शामिल सभी 10 मरीजों के पुराने घाव छह महीने के भीतर पूरी तरह भर गए। इतना ही नहीं, ज्यादातर मरीजों के पैरों की संवेदना में भी सुधार देखा गया। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह उपचार भविष्य में डायबिटिक फुट अल्सर के साथ-साथ नसों से जुड़ी कुछ समस्याओं के इलाज में भी उपयोगी हो सकता है।

क्या है डायबिटिक फुट अल्सर की समस्या?
डायबिटीज के मरीजों में पैरों की नसों और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। इससे पैरों में चोट लगने पर कई बार मरीज को उसका अहसास नहीं होता। वहीं, रक्त पहुंचाने वाली धमनियों को नुकसान होने से घाव भरने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। इस कारण पैरों में खुले घाव बन जाते हैं, जिन्हें डायबिटिक फुट अल्सर कहा जाता है। अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन के अनुसार, लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे करीब 20 प्रतिशत मरीजों को आखिरकार पैर कटवाने की जरूरत पड़ सकती है।

10 मरीजों पर किया गया परीक्षण
“स्टेम सेल्स ट्रांसलेशनल मेडिसिन” पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, परीक्षण में शामिल सभी 10 मरीजों के पैरों में काफी गंभीर घाव थे। इन पर सामान्य उपचार का असर नहीं हुआ था। शोधकर्ताओं ने प्रसव के बाद आमतौर पर बेकार समझकर फेंक दिए जाने वाले स्वस्थ प्लेसेंटा के ऊतकों से विशेष कोशिकाएं तैयार कीं। इसके बाद इन कोशिकाओं को एक बार मरीजों के घाव के अंदर, उसके आसपास और पास के नरम ऊतकों में इंजेक्शन के जरिए पहुंचाया गया।

छह महीने में सभी मरीजों के घाव भरे
परीक्षण के परिणाम काफी उत्साहजनक रहे। दो मरीजों के घाव उपचार के दो महीने के भीतर भर गए, जबकि छह महीने में सभी 10 मरीजों के घाव पूरी तरह बंद हो गए। शोधकर्ताओं ने 12 महीने तक मरीजों की निगरानी की। इस दौरान कोशिकाओं को शरीर ने अच्छी तरह स्वीकार किया और उपचार से जुड़ा कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया।

अभी शुरुआती चरण में है शोध
अमेरिका के नार्थ कैरोलिना स्थित वेक फारेस्ट इंस्टीट्यूट फार रीजनरेटिव मेडिसिन के शोधकर्ता डा. माइकल कार्स्टेंस के अनुसार, इस शुरुआती अध्ययन का मुख्य उद्देश्य उपचार की सुरक्षा की जांच करना था। हालांकि, इसके नतीजे उम्मीद जगाने वाले हैं, लेकिन मरीजों की संख्या कम होने के कारण इसकी प्रभावशीलता की पुष्टि के लिए बड़े स्तर पर आगे के परीक्षण जरूरी होंगे। जिससे मरीजों के ठीक होने के बारे में पुख्ता प्रमाण मिलने की संभावना बढ़ सके।

उपचार से जुड़ा कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया
नसों की समस्या में भी मिल सकती है राहत शोधकर्ताओं के अनुसार, 10 में से नौ मरीजों के उपचार किए गए पैरों में संवेदना यानी छूने और महसूस करने की क्षमता में भी सुधार हुआ। इससे संकेत मिलता है कि प्लेसेंटा से प्राप्त स्टेम सेल भविष्य में पेरिफेरल न्यूरोपैथी के कुछ रूपों के इलाज में भी मददगार हो सकती हैं। यह नसों से जुड़ा विकार है, जिसमें हाथ-पैरों में सुन्नपन और संवेदना की कमी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button